मौसम अपडेट: गर्मी के बीच बरसे बादल, दिल्ली-एनसीआर में छाया अंधेरा, जानें कैसा रहेगा देश के अन्य राज्यों का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत में ही भारी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। लेकिन अब मार्च के बीच से ही मौसम में बदलाव दिखना शुरू हो गया है। इस वक्त कई राज्यों में सुहावना मौसम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने का अलर्ट है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। साथ ही यहां पर अंधेरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है, जिसके चलते मध्य, उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के 22 राज्यों में गरज और चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। इसी बीच उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़े -द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में की प्रेमानंद महाराज से मुलाकात, नाम जप की जानी महिमा, दुपट्टा- माला पहनाकर हुआ स्वागत
उत्तर से दक्षिण भारत तक अलर्ट जारी
मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, कई राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। उसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं। इनके अलावा, 22 मार्च तक मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।
पूर्वोत्तर में कैसा रहने वाला है मौसम?
पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों में गरज और चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। जिसमें असम, मेघालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्से शामिल हैं। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और गुजरात के भी कई हिस्से शामिल हैं।
दिल्ली में छाए बादल
दिल्ली में गुरुवार को झमाझम बारिश हो रही है। जिस वजह से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग की तरफ से राजधानी में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस समय 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
एमपी में मौसम विभाग का अलर्ट
मध्य प्रदेश में गुरुवार को मौसम अचानक से बदलता हुआ नजर आया है। उज्जैन, रतलाम, पांढुर्णा, बैतूल, मैहर, बड़वानी और अंजड के साथ कई अन्य जिलों में तेज हवाएं देखने को मिल रही हैं। साथ ही कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है। आने वाले एक दो दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है।
Created On :   20 March 2026 12:33 PM IST












