Diesel-Petrol Price Hike In India: 2.09 रुपए के साथ पेट्रोल की बढ़ी कीमत, इंडस्ट्रियल डीजल के लिए भी प्रति लीटर देने होंगे 109.59 रुपए, IOC ने दी जानकारी

2.09 रुपए के साथ पेट्रोल की बढ़ी कीमत, इंडस्ट्रियल डीजल के लिए भी प्रति लीटर देने होंगे 109.59 रुपए, IOC ने दी जानकारी
20 मार्च 2026 को बीपीसीएल का 'स्पीड' एचपीसीएल का 'पावर' और आईओसीएल का 'एक्सपी95' जैसे प्रीमियम पेट्रोल के दाम में बढ़त। वहीं, इंडस्ट्रियल डीजल भी महंगा हुआ है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर पूरी दुनिया के साथ भारत पर भी साफ दिखने लगा है। तेल की कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में करीब 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़त की है। ये नए रेट्स 20 मार्च की रात से लागू कर दी गई हैं। लेकिन अभी राहत की बात ये है की सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं किया गया है। अभी सिर्फ और सिर्फ प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं। साथ ही इंडस्ट्रियल डीजल की प्राइस भी बढ़ा दिए गए हैं।

किन-किन पेट्रोल का बढ़ा प्राइस?

तेल कंपनियां जैसे बीपीसीएल (BPCL), एचपीसीएल (HPCL) और आईओसीएल (IOCL) के प्रीमियम पेट्रोल 'स्पीड' और 'XP95' की कीमत में लगभग 2.09 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। कुछ जगहों पर एक्सपी95 पेट्रोल अब 101.80 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, पहले इसकी कीमत 111.68 थी तो अब ये बढ़कर 113.77 रुपए हो गई है। लखनऊ में पेट्रोल 103.92 रुपये प्रति लीटर और पुणे में प्रीमियम पेट्रोल 113.17 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है।

इंडस्ट्रियल डीजल में बड़ी बढ़ोतरी

सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, इंडस्ट्रियल डीजल भी काफी महंगा हो गया है। इसकी कीमत 87.67 रुपये से बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। बता दें, यह डीजल आम लोगों के लिए नहीं होता है, बल्कि फैक्ट्रियों, बड़े जनरेटर और कंस्ट्रक्शन साइट पर इस्तेमाल होता है।

कच्चे तेल और युद्ध का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। मिडिल ईस्ट में ईरान से जुड़े हालात और इजरायल के साथ तनाव के कारण तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी वजह से कीमतों में तेजी आई है।

रुपये में गिरावट से बढ़ी चिंता

इसी बीच भारतीय रुपये में भी कमजोरी देखने को मिली है। डॉलर के मुकाबले रुपया 93 के स्तर से नीचे चला गया है। इससे आयात महंगा होता है और तेल की लागत और बढ़ गई है।

आम लोगों पर क्या होगा असर?

अभी आम लोगों को राहत है क्योंकि सामान्य पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं। लेकिन जानकारों का कहना है कि इंडस्ट्रियल डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट और सामान बनाने की लागत बढ़ेगी। इसका असर धीरे-धीरे रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल बाहर से खरीदता है, इसलिए दुनिया में होने वाले बदलाव का सीधा असर यहां पड़ता है। आने वाले समय में कीमतें और बदल सकती हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Created On :   20 March 2026 4:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story