Meerut Blue Drum Case: मुस्कान-साहिल को मौत की सजा, मेरठ नीला ड्रम मामले में अदालत ने सुनाया कठोर फैसला

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में अदालत ने आज कठोर फैसला लिया है। मामले के मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई गई है। आपको बता दें कि, इस मामले में सौरभ राजपूत की हत्या उनकी पत्नी मुस्कान और साहिल शुक्ला (मुस्कान का प्रेमी) ने की थी। इसके बाद शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से बंद कर दिया गया था। बीते साल 19 मार्च को पुलिस ने मुस्कान और साहिल को अरेस्ट कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया था। वहीं, 30 सितंबर 2026 को अदालत ने मुस्कान और साहिल को हत्या का दोषी माना था। इस घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया था।
यह भी पढ़े -CM मोहन यादव का आज का पूरा शेड्यूल जारी, भोपाल से उमरिया तक करेंगे दौरा, लाड़ली बहनों-उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को देंगे सौगात
कोर्ट के फैसले से पहले मां ने क्या कहा?
सौरभ के परिवार का कहना है कि अदालत में आरोपियों से सामना होने पर उनके चेहरे पर पछतावा नहीं दिखा। वे नजरें चुराते नजर आए। सौरभ की मां ने बताया कि बेटे के साथ हुई इस घटना को याद करके आज भी उनका दिल दुखता है। उन्होंने कहा कि बेटे को खोने का दर्द कभी कम नहीं होगा। मां ने दोषियों को फांसी देने की मांग की है।
पोती को अपने साथ रखना चाहती हैं सौरभ की मां
अदालत का फैसला आने से पहले सौरभ की मां ने अपने बेटे की बेटी को लेकर भी बात की है। उन्होंने कहा कि अगर बच्ची के नाना-नानी तैयार होते हैं तो वह अपनी पोती को अपने पास रखकर उसकी परवरिश करना चाहती हैं। उनके मुताबिक, घटना से पहले बच्ची अक्सर उनके घर आती थी और उनके साथ समय बिताती थी। लेकिन बेटे की हत्या के बाद से उन्हें पोती से मिलने का मौका नहीं मिल रहा है। परिवार की इच्छा है कि बच्ची को फिर से उनके करीब रहने का मौका मिले।
डेढ़ साल तक परिवार ने लड़ी इंसाफ की लड़ाई
सौरभ के बड़े भाई ने बताया कि इससे पहले उनके परिवार को कभी अदालत के चक्कर नहीं लगाने पड़े थे। लेकिन भाई की हत्या के बाद उन्हें लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। इस दौरान उनके बचपन के दोस्त अंकित धानक और वकील विजय बहादुर ने काफी मदद की।
Created On :   14 Oct 2026 4:17 PM IST













