CJP Protest: 'अंग्रेजों जैसा राज कर रहे मोदी', सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने पर अभिजीत दीपके प्रधानमंत्री पर भड़के

अंग्रेजों जैसा राज कर रहे मोदी, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने पर अभिजीत दीपके प्रधानमंत्री पर भड़के
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बुधवार को सौरव दास और आशुतोष रांका को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बुधवार को सौरव दास और आशुतोष रांका को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि वे (पीएम मोदी) डरपोक तानाशाह हैं। साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि भारत में तिरंगा फहराना अपराध कब से हो गया है।

PM मोदी पर साधा निशाना

अभिजीत दीपके बुधवार को महाराष्ट्र से दिल्ली पहुंचे थे। वह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि आप एक डरपोक तानाशाह हो और कुछ नहीं हो। इस देश में तिरंगा लहराना क्या अपराध है? आशुतोष और सौरव को पांच दिन के लिए जेल में भेजा गया है, क्यों? क्योंकि उन्होंने जंतर-मंतर पर जाकर तिरंगा लहराया। यह तानाशाही की निशानी है।"

अंग्रेजों के राज पर क्या कहा?

सीजेपी संस्थापक ने बताया, "ऐसा आखिरी बार तब हुआ था, जब हम पर अंग्रेजों का राज था। जब अंग्रेज राज कर रहे थे, तब जो भी फ्रीडम फाइटर्स सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा लहराते थे, उन्हें गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया जाता था। नरेंद्र मोदी भी कुछ वैसा ही कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कहलाने के लायक नहीं हैं, वे एक डरपोक तानाशाह हैं।"

उनका आगे कहना है कि तिरंगा लहराना भारत में गलत काम है। अगर इसे यहां नहीं लहराया, तो फिर कहां लहराया जाए? साथ ही, उन्होंने सवाल किया कि क्या पाकिस्तान में जाकर झंडा लहराएं?

दिल्ली पहुंचने से पहले क्या दी प्रतिक्रिया

अभिजीत दीपके जब महाराष्ट्र के नागपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे, तब उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "मुझे देश की चिंता है। देश के संविधान के लिए चिंता है और उन सभी लोगों के लिए भी चिंता है, जो लोकतंत्र और नागरिकों के वोट करने के अधिकारों को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।" उनका आगे यह भी कहना है, "बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जो हमें संविधान दिया है, उसे हम बचाकर रहेंगे। इस देश का नागरिक होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं और संघर्ष करें।"

Created On :   14 Oct 2026 5:18 PM IST

Tags

Next Story