दैनिक भास्कर हिंदी: जीत के बाद अखिलेश बोले : फूल मुरझा गया, घमंड टूट गया, उम्मीद है अब भाषा बदलेगी

March 16th, 2018

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट जीतने के बाद गुरुवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने उपचुनावों में हुई जीत को दलितों और किसानों की जीत बताया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 'ये देश के तमाम जो लोग गरीब हैं, मजदूर हैं, दलित हैं, किसान हैं, अल्पसंख्यक हैं, उनकी जीत है और बड़ी जीत है।' बता दें कि गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के प्रवीण निषाद और फूलपुर से नागेंद्र सिंह पटेल ने जीत दर्ज की है।

इंजीनियर ने साइकिल को दौड़ा दिया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए अखिलेश यादव ने गोरखपुर से चुने गए सांसद प्रवीण निषाद की तारीफ करते हुए कहा कि 'जीते तो इंजीनियर प्रवीण कुमार निषाद हैं। इंजीनियर होना बड़ी बात है। ये मैकेनिकल इंजीनियर हैं। हम मकान बनाने वाले इंजीनियर थे, लेकिन ये गाड़ी बनाने वाले इंजीनियर हैं।' अखिलेश ने कहा कि 'ये मैकेनिकल इंजीनियर थे, इसलिए इन्होंने पहिए को सही से चलाया और साइकल को दौड़ा दिया।'

2014 के बाद से 17 लोकसभा उपचुनाव, बीजेपी सिर्फ 2 में ही जीती

उत्तर प्रदेश को कुछ नहीं मिला

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 'किसान इंतजार करते रहे कि कर्ज माफ होगा, लेकिन कर्ज माफ नहीं हुआ। मांओं ने अपने बच्चे खो दिए, क्योंकि उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिली।' उन्होंने कहा 'गोरखपुर में विकास का कोई काम नहीं हुआ है। 5 बजटों में कुछ नहीं किया गया। यूपी के दो बजटों में भी कुछ नहीं मिला। अब हमारे दोनों सांसद जाएंगे और यहां की आवाज उठाएंगे।'

फूल मुरझा गया, अब भाषा बदलेगी

अखिलेश ने आगे कहा कि 'फूलपुर में फूल मुरझा गया, घमंड टूट गया, उम्मीद है अब भाषा बदलेगी।' इसके साथ ही EVM पर बात रखते हुए उन्होंने कहा कि 'अगर EVM सही होता और इसने समय खराब नहीं किया होता तो समाजवादी पार्टी की जीत और भी ज्यादा बड़ी होती। कई EVM चेक कराईं गईं तो उसमें पहले से ही वोट पड़े हुए थे। EVM से पूरा गुस्सा नहीं निकला। अगर बैलेट पेपर से चुनाव होते तो और ज्यादा गुस्सा निकलता।'

आगे बढ़ने के लिए पुरानी बातें भूलना जरूरी

मायावती के साथ गठबंधन की बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि 'भविष्य के बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता, लेकिन आगे वही बढता है जो पुरानी बातों को भूल जाता है।' इसके साथ ही अखिलेश से जब कांग्रेस से दोस्ती का सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि 'हमारे कांग्रेस के साथ अच्छे संबंध थे और बने रहेंगे। राहुल और मैं नौजवान हैं। हम दोनों को साथ बने रहना है।'