बाइक से आए हत्यारे, ताबड़तोड़ फायरिंग कर ले ली जान

Delhi: Murderer shut down 2 men in east Delhi within 2 kilometer
बाइक से आए हत्यारे, ताबड़तोड़ फायरिंग कर ले ली जान
बाइक से आए हत्यारे, ताबड़तोड़ फायरिंग कर ले ली जान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रविवार की रात दिल्ली गोली की गूंज से दहल गई। दिल्ली के यमुना पार कहे जाने वाले इलाके में दो किलोमीटर के दायरे में दो लोगों पर बाइक सवार बदमाशों ने लगभग 50 राउंड गोलियां चला दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई।

ब्रह्मपुरी में पहली वारदात

पहली वारदात ब्रह्मपुरी में हुई। जहां लगभग साढ़े नौ बजे बजे ब्रह्मपुरी में सीलमपुर के रहने वाले 29 साल के मोहम्मद फैज और 35 साल के मोहम्मद वाजिद खड़े थे। तभी वहां दो बाइक पर सवार होकर 4 लोग आए और उन दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोनों पर 20 गोलियां बरसाई गईं, घायल फैज ने भागने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे 8 गोलियां और मार दी। फैज और वाजिद को आनन-फानन में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने वाजिद को मृत घोषित कर दिया गया और फैज की हालत नाजुक बताई।

उस्मानपुरी का घोषित बदमाश था वाजिद

गोलियों का शिकार हुआ वाजिद एक घोषित बदमाश था जिसपर 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वो सुपारी किलर के नाम से भी जाना जाता था। वाजिद प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देता था। 

रात 1 बजे दूसरी वारदात

दूसरा मामला भजनपुरा विजय पार्क इलाके का है। यहां बाइक सवारों ने मोहम्मद आरिफ को रात करीब एक बजे उसके घर के ही बाहर गोलियों से भून दिया। आरिफ को भी लगभग 20 से 25 गोलियां दागी गईं।

मौत के बाद भी गोली मारते रहे हमलावर

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हमलावर आरिफ के मरने के बाद भी उस पर गोलियां चलाते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मुआयना किया तो पाया कि घटनास्थल पर 18 से ज्यादा गोलियों के खाली खोके पड़े हुए थे। वहीं उसके घरवालों का कहना है कि उसे कॉल आया था जिसे अटैंड करने वो घर से बाहर निकला तभी उस पर गोलियां बरसा दी गई। बताया जा  रहा है कि लहूलुहान आरिफ अपने घर में घुसा तो उसके पीछे एक हमलावर भी आया और उसने तब तक गोलियां चलाई जब तक वो मर नहीं गया।

4 घंटे के अंदर 2 हत्याएं

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो किलोमीटर के अंदर 2 हत्याएं हुई वो भी एक ही तरीके से, दोनों वारदातों में युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों हत्याएं एक हीं गैंग ने की हैं क्योकिं दोनों में लगभग एक ही तरीके की बाइक का इस्तेमाल किया गया और दोनों हत्याओं का तरीका एक ही था।

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से जांच

दिल्ली पुलिस ने इन दोनों ही मामलों में आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाल लिए हैं, जिनके आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस रंजिश के प्रेम प्रसंग जैसे हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरिफ पर भी पहले से कुछ मामले दर्ज हैं।
 

Created On :   24 Oct 2017 10:24 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story