हरियाणा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पलवल से पाकिस्तानी जासूस को किया गिरफ्तार, PAK एंबेसी के कर्मचारी को गुप्त जानकारी भेजने का है आरोप

पलवल से पाकिस्तानी जासूस को किया गिरफ्तार, PAK एंबेसी के कर्मचारी को गुप्त जानकारी भेजने का है आरोप

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा पुलिस ने सोमवार को पलवल से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। दरअसल, इस शख्स पर दिल्ली स्थित पाकिस्तान एंबेसी के एक कर्मचारी को भारतीय सैन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी भेजने का आरोप है।


    पुलिस ने तौफिक नाम के शख्स को किया गिरफ्तार

    जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम तौफिक बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि तीन साल पहले तौफिक पाकिस्तान गया था। वह वॉट्सएप के जरिए पाकिस्तान भेजता था। उसके फोन से कई पाकिस्तानी नंबर भी हासिल हुए हैं।

    बता दें, कुछ दिनों पहले नूंह जिले से हरियाणा पुलिस ने 3 आरोपियों को जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वहीं, हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को भी इसी सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।

    सीआईए पुलिस के मुताबिक, पलवल के आलीमेव गांव के रहने वाले तौफिक (35) 2022 में अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए पाकिस्तान गया था। उस दौरान तौफिक की मुलाकात दिल्ली में पाकिस्तान एंबेसी में तैनात एक कर्मचारी से हुई थी। भारत लौटने के बाद तौफिक उससे दिल्ली में मिलने गया था।

    पाकिस्तानी एंबेसी के कर्मचारी को खुफिया जानकारी भेजने का आरोप

    वहीं, जांच एजेंसियों के मुताबिक, तौफिक वॉट्सएप से पाकिस्तान एम्बेसी में नियुक्त उसी कर्मचारी को बीएसएफ में तैनात एक कर्मचारी के बारे में जानकारी भेजता था। इसके अलावा वॉट्सऐप पर पलवल के भी कुछ लोगों की जानकारी भेजी गई।

    सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल के दौरान तौफिक के फोन से 12 पाकिस्तान नंबर पाए गए हैं। इनसे तौफीक वॉट्सऐप कॉल के जरिए ही बात करता था। पुलिस को उन नंबरों पर वॉट्सऐप चैट भी मिले हैं।

    पुलिस सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान से लौटने के बाद तौफिक आसपास के लोगों से संपर्क बढ़ा रहा था। वह लोगों को पाकिस्तान जाने के लिए वीजा लगवाने की बात करता था। इसके अलावा वह अब तक कई लोगों को पाकिस्तान भी भेज चुका है।

    बता दें, पलवल की सीआईए टीम ने शुक्रवार को हथीन रोड के नजदीक तौफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कुछ चैट भी डिलीट कर दी थी। उसके फोन में पाकिस्तान के कई नंबर सेव पाए गए। पुलिस ने पलवल शहर थाने में तौफिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 और देशद्रोह की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

    Created On :   29 Sept 2025 8:10 PM IST

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story