जलवायु परिवर्तन को लेकर आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय चला रहा है जागरूकता अभियान

Ministry of Housing and Urban Affairs is running awareness campaign regarding climate change
जलवायु परिवर्तन को लेकर आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय चला रहा है जागरूकता अभियान
आजादी का अमृत महोत्सव जलवायु परिवर्तन को लेकर आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय चला रहा है जागरूकता अभियान
हाईलाइट
  • आजादी का अमृत महोत्सव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जलवायु परिवर्तन को लेकर जागरूकता अभियान और राष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। गुजरात के सूरत में 4 और 5 फरवरी 2022 को आयोजित मुख्य आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव- स्मार्ट शहर- स्मार्ट शहरीकरण से जुड़े क्रियाकलापों के हिस्से के रूप में यह प्रतियोगिता 26 जनवरी 2022 तक सभी प्रतिभागियों के लिए खुली रहेगी। अभियान और प्रतियोगिता दोनों का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाना, प्रतिभागियों को समाधानों के विचारों से अवगत कराना और शहरों में जलवायु से जुड़े क्रियाकलापों को बढ़ावा देना है।

इस अभियान में नगर आयुक्त और मुख्य शहरी स्थानीय निकायों के प्रमुख तथा स्मार्ट सिटी सीईओ शामिल होंगे, जो शहरी जलवायु परिवर्तन और स्थिरता से जुड़ी चुनौतियों तथा समाधानों के लिए युवाओं की सोच को प्रेरित करने के लिए अपने शहरों के भीतर स्कूलों और कॉलेजों सहित शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता पैदा करेंगे। नगरों की ओर से इस आयोजन से पहले शहर के अधिकारी जलवायु परिवर्तन और सतत क्रियाकलापों के बारे में शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता पैदा करेंगे या शहर के अधिकारी एक सोशल मीडिया जागरूकता अभियान चलाएंगे जहां शहर की अग्रणी हस्तियां जैसे मेयर/ नगर आयुक्त/ स्मार्ट सिटी सीईओ जलवायु संबंधी क्रियाकलापों के बारे में बात करेंगे, जिन्हें उनके शहर के भीतर लागू किया जा सकता है।

इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन के मूल विषय पर आधारित एक शहर स्तरीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने वालों को दो श्रेणियों- शहरों में जलवायु प्रभाव या शहरों में जलवायु से जुड़े क्रियाकलाप पर तस्वीरें भेजनी होगी। आपको बता दें कि तस्वीरों का चयन सामग्री, रचना और तकनीक पर केंद्रित होगा। सभी इच्छुक फोटोग्राफर और जलवायु विषय पर उत्साही भागीदारी के लिए सबसे जरूरी सूचना यह है कि फोटो जमा करने की प्रक्रिया 26 जनवरी, 2022 को रात 11:59 बजे बंद हो जाएगी।

आपको बता दें कि आजादी का अमृत महोत्सव प्रगतिशील भारत के 75 साल और देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ इसके लोगों, संस्कृति तथा उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास का उत्सव मनाने के लिए भारत सरकार की एक पहल है। यह महोत्सव देश के लोगों को समर्पित है, जिन्होंने न केवल भारत को अपनी विकास यात्रा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि उनके भीतर आत्मनिर्भर भारत की भावना से प्रेरित  भारत 2.0 को क्रियाशील करने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के सपने को पूरा करने की भी शक्ति है।

 

( आईएएनएस )

Created On :   3 Jan 2022 6:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story