बिहार सियासत: पवन सिंह की फिर होगी बीजेपी में एंट्री? अमित शाह से मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में अटकलों का दौर जारी, इस सीट से मिल सकता है टिकट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियां जीत की तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस क्रम में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने मंगलवार को पहले राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की। इसके बाद वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले जिससे अटकलों का दौर शुरू हो गया। सियासी गलियारों में इस चीज को लेकर चर्चा जोरों पर है कि पवन सिंह आरा और उनकी पत्नी ज्योति सिंह दिनारा विधानभा सीट से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक मीडिया से इस बारे में कोई बातचीत नहीं की है।
बीजेपी ने पवन सिंह को किया था निष्कासित
आपको बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान पवन सिंह को पार्टी से निकाल दिया था। ऐसा इसलिए क्योंकि पवन सिंह ने बागी रुख अपनाते हुए काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की जिद पकड़ ली थी। वहीं, बीजेपी ने इस सीट पर एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा को उतारने का फैसला किया था। लेकिन पवन सिंह को यह बिलकुल बर्दाश्त नहीं था और उन्होंने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसी नाराजगी के चलते भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया था। हालांकि अब शाह से मुलाकात के बाद पवन सिंह की एनडीए में दोबारा एंट्री की खबरें तूल पकड़ती जा रही हैं।
काराकाट लोकसभा सीट से कौन जीता?
बीजेपी से निष्कासित होने के बाद पवन सिंह ने जोरदार प्रचार-प्रसार किया। इसका नतीजा यह रहा कि उन्होंने एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के मुकाबले ज्यादा वोट हासिल किए। इलेक्शन कमीशन के अनुसार, पवन सिंह के खाते में 2 लाख 74 हजार 723 वोट पड़े। वहीं, एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा ने 2 लाख 53 हजार 876 वोट हासिल किए। लेकिन 3 लाख 80 हजार 581 वोट पा कर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (मुक्ति) के उम्मीदवार राज राम सिंह ने जीत दर्ज की।
Created On :   30 Sept 2025 3:51 PM IST