विकास को आंकड़ेबाजी बताने पर केन्द्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को बताया 'अक्ल से पैदल'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। नकवी ने गुरुवार को उन्हें अक्ल से पैदल करार दिया है। नकवी का यह बयान राहुल गांधी की उन बयानबाजियों के बाद आया है, जिनमें उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में "ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस" में भारत की छलांग को महज आंकड़ेबाजी बताया था।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से जब राहुल द्वारा सरकार पर लगाए गए आंकड़ेबाजी के आरोपों पर पूछा गया तो नकवी बोले, "कांग्रेस उपाध्यक्ष के पास भारतीय अर्थव्यवस्था को समझने के लिए अक्ल ही नहीं है। आंकड़ेबाजी समझने के लिए अक्ल की जरूरत है। जो अक्ल से ही पैदल हो उसका हम क्या कर सकते हैं।" नकवी ने कहा कि राहुल गांधी बस अपने स्क्रिप्ट राइटर को फॉलो कर रहे हैं और जो लिखा है उसकी नकल कर बोल देते हैं। उन्होंने कहा, "नकल के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है। बेअक्ल की इस नकल से वे हंसी का पात्र बन रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार बीजेपी राहुल गांधी की बौद्धिक क्षमता को लेकर निशाना साधती रही है। कईं बार संसद में भी उनके संबोधन के दौरान उन पर उनके दिमागी विकास को लेकर हुटिंग हुई है।
बता दें कि वर्ल्ड बैंक की "ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस" रिपोर्ट में भारत को 100वां स्थान मिला है। भारत ने इसमें 30 स्थानों की छलांग लगाई है। यह रैंक किसी देश में कारोबारी सुगमता के आधार पर तैयार की जाती है। केन्द्र की बीजेपी सरकार इस परफार्मेंस को अपने आर्थिक सुधारों का परिणाम बता रही है। उधर कांग्रेस इसे महज आंकड़ो की कलाबाजी बता रही है। राहुल गांधी ने अपने गुजरात दौरे में इस रैंकिंग को महज छलावा बताया था, उन्होंने कहा था कि रिपोर्ट में कुछ और है और धरातल पर हकीकत बहुत अलग है।
Created On :   3 Nov 2017 12:36 AM IST