नागालैंड की राजनीति में उथल-पुथल, पूर्व मुख्यमंत्री ने किया सरकार बनाने का दावा

डिजिटल डेस्क, कोहिमा। शनिवार रात 11 संसदीय सचिवों और मुख्य आर्थिक सलाहकार को बर्खास्त करने के बाद नागालैंड की लिजित्सु सरकार संकट में फंस गई है। उनकी पार्टी के विधायकों ने ही उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजनीतिक अस्थिरता के बीच नागालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में सीएम लिजित्सु के मुख्य आर्थिक सलाहकार टी आर ज़िलिआंग ने रविवार देर रात सरकार बनाने का दावा पेश किया है।
जिलिआंग ने विधानसभा के 59 विधायकों में से 41 के समर्थन का दावा किया है। उन्होंने नागालैंड के राज्यपाल पी बी आचार्या को खत लिखकर सरकार बनाने का आमंत्रण भेजने को कहा है। जिलिआंग को समर्थन देने और वर्तमान सीएम लिजत्सु को पद से त्यागपत्र देने की मांग के एक बयान पर 41 विधायकों के हस्ताक्षर होने की बात कही जा रही है।
इसी बीच मुख्यमंत्री ने चार मंत्रियों- गृह मंत्री वाई पट्टोन, ऊर्जा मंत्री सी किपिली सांगताम, वन मंत्री इन कांग एल इमचेन और पीडब्ल्यूडी (एनएच) मंत्री काइतो आए को बर्खास्त कर दिया है। इससे पहले बगावत की आहट देखते हुए सीएम लिजित्सु ने बीती रात 11 संसदीय सचिव और अपने आर्थिक सलाहकार टी आर जिलिआंग (सरकार बनाने का दावा कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री) को बर्खास्त कर दिया था।
Created On :   10 July 2017 12:10 AM IST