गाय का दूध पीने वालों को गाय की देखभाल भी करनी चाहिए : योगी आदित्यनाथ

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारतीय संस्कृति को बचाना है तो गाय, गंगा और तुलसी को बचाना होगा। लोग गाय का दूध पीते हैं, लेकिन गाय को सड़क पर छोड़ देते हैं। वो माधव सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार हर जिले में गौशाला खोलेगी, जिसका संचालन जनता करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनसंख्या सवा सौ करोड़ है, जबकि गाय केवल 3 या चार करोड़ हैं।
उन्होंने कहा कि अगर हम आधुनिकता के साथ नहीं चले तो पिछड़ जाएंगे। भू-माफिया पर प्रहार करते हुए योगी ने कहा कि 45 हजार हेक्टयर भूमि को एंटी भू-माफिया सेल ने कब्जा मुक्त कराया है। एक भी भू-माफिया को नहीं छोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, केरल में साम्यवादियों की गुंडागर्दी और अराजकता है। भाजपा ने उस अराजकता के खिलाफ पद यात्रा की जिसमें मैं शामिल हुआ। वह निर्मम हत्याएं कर रहे और बाकायदा धमकी देकर। देश के अंदर जो भी जहां भी अराजकता फैलाएगा, उसके खिलाफ हम एक जुट होंगे। एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए योगी ने कहा, वास्तव में धर्म एक ही है। वह मानव धर्म है या और व्यापक कहें तो सनातन धर्म हैं। बाकी सब सेक्ट हैं, वह धर्म की श्रेणी में नहीं आते है।
उन्होंने कहा तिलक हम वहां लगाते हैं जो हमारे शरीर की तीन नाड़ियों का मिलन स्थल है जो नई ऊर्जा का निर्माण करता है। हम उस ऊर्जा का आध्यात्मिक और सकारात्मक उपयोग कर सकें इसलिए हम तिलक लगाते हैं।
मठ से लेकर मुख्यमंत्री तक के सफर पर योगी ने कहा, सत्ता लोक कल्याण का सशक्त माध्यम है। मैं भी एक आचार्य के रूप में लोक कल्याण करता हूं। धर्म और राजनीति एक दूसरे के पूरक हैं। हिन्दू आतंकवाद पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, जिन्होंने हिंदुत्व को नहीं समझा, जो विदेशी जूठन खाकर अपना पेट पालते हैं वही हिन्दू आतंकवाद की बात करते हैं।
Created On :   6 Nov 2017 12:21 AM IST