पुलिस भर्ती : हाई एजुकेटेड युवाओं ने सिपाही बनने के लिए बहाया पसीना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिसमें हाई एजुकेटेड युवा भी सिपाही बनने के लिए पसीना बहा रहे हैं। पुलिस बनने के लिए इस बार आवेदन करने वालों में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवा भी शामिल हैं। पुलिस आयुक्त डॉ. के. व्यंकटेशम और मुख्यालय के उपायुक्त रवींद्र सिंह परदेशी की निगरानी में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गुरुवार को युवाओं ने बेहतर से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की। नागपुर पुलिस आयुक्तालय में 210 सिपाही के पदों की भर्ती की जाने वाली है। इस बार 33 हजार 215 उम्मीदवारों ने आवेदन किया, इसमें 25426 पुरुष और 7789 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
एमबीए,एमटेक करने वाले भी हुए शामिल
आवेदन करने वाले उच्च शिक्षितों में 432 उम्मीदवार पोस्ट ग्रेजुएट अौर करीब 5648 स्नातक शामिल हैं। 2535 उम्मीदवार बारहवीं उत्तीर्ण हैं। 263 एमए, 68 एम.कॉम, 34 एमएसडब्ल्यू, 19 एमबीए आैर 3 उम्मीदवार एमटेक कर चुके हैं। पुलिस भर्ती मैदान पर ऊंची कूद, गोला फेंक, पुलअप्स, रनिंग के साथ शारीरिक नापजोख की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भर्ती मैदान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुछ युवा तो रात में फुटपाथ पर सोने पर मजबूर हैं। पुलिस भर्ती में राज्य के कोने-कोने से युवा आए हुए हैं।
कुल 240 पदों के लिए भर्ती
उल्नेखनीय है कि पुलिस आयुक्त पुलिस भर्ती के लिए अधिक से अधिक युवाओं से शामिल होने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे में भर्ती होने पर वेतन और मान-सम्मान के साथ समाजसेवा का अवसर भी मिलेगा। पुलिस विभाग स्मार्ट, टेक्नोसेवी हो इसके लिए नागपुर पुलिस का प्रयास शुरू रहने की जानकारी भी उन्होंने दी। 17 अप्रैल से नागपुर में 240 पदों केलिए पुलिस भर्ती ली जाने वाली है। इस भर्ती में अधिक से अधिक उच्चशिक्षित युवा - युवतियों के सहभागी होने का प्रयास स्थानीय अधिकारियों की ओर से किया जा रहा है। इसके लिए भर्ती पूर्व नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। विविध महाविद्यालयों में कार्यशाला भी ली गई।


Created On :   16 March 2018 1:58 PM IST