PM Modi in Bengaluru: PM मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास? बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिला विस्फोटक, एजेंसियां अलर्ट

PM मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास? बेंगलुरु में कार्यक्रम स्थल के पास मिला विस्फोटक, एजेंसियां अलर्ट
बेंगलुरु यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई है। बेंगुलुरु के बाहरी इलाके में स्थित कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर दो जिलेटिन स्टीक्स जब्त हुई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई है। बेंगुलुरु के बाहरी इलाके में स्थित कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर दो जिलेटिन स्टीक्स जब्त की गई हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। बेंगलुरु के कागलीपुरा के पास एक आश्रम के नजदीक से विस्फोटक मिली। यह कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर था। जहां पीएम मोदी शामिल होने वाले थे।

पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध की कोशिश

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, विस्फोटक बरामद होने के बाद बेंगलुरु सेंट्रल रेंज के डीआईजी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले की जा रही जांच के दौरान दो जिलेटिन स्टीक्स रविवार (10 मई, 2026) की सुबह फुटपाथ के किनारे से बरामद की गईं, जो मुख्य कार्यक्रम स्थल से करीब 3 किमी दूर था, जिसमें पीएम शामिल होने वाले थे।"

उन्होंने कहा, ‘घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को घेर लिया है। बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है, जहां बरामद सामग्री की जांच की गई। इस मामले में आगे की जांच फिलहाल जारी है।’

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

दरअसल, यह घटना खुफिया एजेंसियों की ओर से संभावित आतंकी खतरे की सूचना मिलने के एक दिन बाद सामने आई है। इसके चलते दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील स्थानों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया, 'पुलिस को संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामानों और खड़ी गाड़ियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।'

बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में गहनता के साथ अपनी जांच शुरू कर दी है और पुलिस अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर जिलेटिन स्टिक्स उस जगह तक कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित श्री श्री रवि शंकर की आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन संस्था द्वारा अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां संस्था की स्थापना के 45 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक समारोह का आयोजन किया था।

Created On :   10 May 2026 6:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story