Tejashwi Yadav News: तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने पर तेजस्वी यादव ने दिया बड़ा बयान, एमके स्टालिन को बताया मददगार

तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने पर तेजस्वी यादव ने दिया बड़ा बयान, एमके स्टालिन को बताया मददगार
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने पर प्रतिक्रिया दी है और एमके स्टालिन को याद किया है।

डिजिटल डेस्क, पटना। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख और पार्टी के विधायक दल के नेता सी जोसेफ विजय ने 10 मई को चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ग्रहण की है। इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पूर्व सीएम एमके स्टालिन की जमकर सराहना की है। उन्होंने दावा किया है कि थलापति विजय की सरकार बनाने में एमके स्टालिन ने भी आगे आकर समर्थन किया है।

क्या बोले तेजस्वी यादव?

तेजस्वी यादव का कहना है कि जब भी देश में सबसे ज्यादा प्रभावशाली नेताओं की लिस्ट बनाई जाएगी तो उसमें एमके स्टालिन का नाम जरूर शामिल किया जाएगा। क्या ही नेता हैं स्टालिन, खुद चुनाव हार गए लेकिन थलापति विजय की सरकार बनवाने में खुद आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। 2 विधायकों को टीवीके प्रमुख को समर्थन देने के लिए भी राजी कर लिया और बहुमत के आंकड़ों तक पहुंचाया।

सभी पार्टियों को सीखने की जरूरत- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने आगे कहा है कि स्टालिन की जगह अगर बीजेपी के नेता होते तो अब तक विजय की पार्टी के नेताओं को खरीदने की कोशिश करने लगते। देश की सभी पार्टियों को एमके स्टालिन से सीख लेने की जरूरत है। राजनीति में हमेशा दांव-पेंच नहीं चलाने चाहिए।

कैसे पूरा हुआ बहुमत का आंकड़ा?

विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। पार्टी को 108 सीटें मिली थीं, लेकिन सरकार बनाने के लिए बहुमत से कुछ सीटें कम थीं। बाद में एक सीट छोड़ने के कारण आंकड़ा और घट गया। इसके बाद कांग्रेस, वाम दलों और दूसरे सहयोगी दलों ने विजय को समर्थन दिया। फिर कुछ और दलों के समर्थन से पार्टी बहुमत के जरूरी आंकड़े तक पहुंच गई और सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चेन्नई समेत कई जगहों पर जश्न मनाया गया और लोगों ने इसे तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत बताया।

Created On :   10 May 2026 7:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story