Search Operation in Pulwama Area: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा इलाके में सुरक्षाबलों ने चलाया संयुक्त सर्च ऑपरेशन, आतंकवादी के एक सहयोगी को किया गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के राजपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां पर संयुक्त अभियान चलाकर आतंकवादी के एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान उसके पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़े -पंजाब पुलिस ने शंभू रेलवे ट्रैक विस्फोट केस को सुलझाया, मुख्य साजिशकर्ता का सहयोगी गिरफ्तार
अभियान को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने इस कार्रवाई को लेकर बताया कि खुफिया तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 183वीं बटालियन के जवान शामिल थे। इस संयुक्त टीम ने पुलवामा के राजपोरा इलाके में नाथ रोड के पास कसबयार मोहल्ले में घेराबंदी की। इसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान मोहम्मद उमर मलिक नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। वह काचीपोरा का रहने वाला बताया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में केस किया दर्ज
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड जब्त किए हैं। इस मामले में आरोप के खिलाफ राजपोरा थाने में FIR नंबर 75/2026 से मुकदमा दर्ज किया और उसके उपर आर्म्स एक्ट और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं में केस दर्ज किया। फिलहाल आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े -राजनाथ बोले - आतंकवाद के किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगा भारत, ऑपरेशन सिंदूर का वैश्विक स्तर पर संदेश
इस इलाके में भी की बड़ी कार्रवाई
इससे पहले भी राज्य के किश्तवाड़ में शुक्रवार (1 मई) को सुरक्षाबलों ने एक खुफिया आतंकवादी के ठिकानों का खुलासा किया था। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई किश्तवाड़ के चतरू इलाके में तलाशी अभियान के दौरान की। आतंकियों के ठिकाने सिगड़ी भाटा इलाके के बाजमांडू जंगल में बने थे। यह भी बताया गया कि इन ठिकानों पर में किसी आतंकी संगठन का कमांडर रहता था, जो सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पहले ही मारा जा चुका है। इन ठिकानों से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में ग्रेनेड लॉन्चर, पिस्तौल और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया था।
Created On :   3 May 2026 2:38 AM IST












