UP Crime: एडल्ट टॉयज, मिस्ट्री मॉडल और सफेद ऑडी... कौन है इंफ्लूएंजर श्रद्धा दुबे? जिसके नाम से सेंसेशनल हुआ शिव शर्मा केस, हत्या/आत्महत्या की उलझी गुत्थी

एडल्ट टॉयज, मिस्ट्री मॉडल और सफेद ऑडी... कौन है इंफ्लूएंजर श्रद्धा दुबे? जिसके नाम से सेंसेशनल हुआ शिव शर्मा केस, हत्या/आत्महत्या की उलझी गुत्थी
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे चर्चा में है। वह मॉडलिंग और फैशन की दुनिया से जुड़ी रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस मामले की सच्चाई जानने में पुलिस जुटी है, उसमें अब श्रद्धा दुबे का नाम भी चर्चा में है। कभी फैशन शो और मॉडलिंग की दुनिया में पहचान बनाने वाली श्रद्धा अब एक बड़े मामले को लेकर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर उसकी अच्छी-खासी पहचान थी। वह कई फैशन शो में हिस्सा ले चुकी है और उसे सम्मान भी मिल चुके हैं। लेकिन अब उसकी निजी जिंदगी और शिवा से जुड़े मामले की चर्चा हो रही है। आखिर कौन है श्रद्धा दुबे और कैसे उसका नाम इस केस से जुड़ा?

कौन है श्रद्धा दुबे?

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे का नाम मॉडलिंग और फैशन की दुनिया से जुड़ा रहा है। उसने एमए और पीजीडीसीए की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने हैदराबाद में मॉडलिंग और फैशन ब्लॉगिंग की दुनिया में कदम रखा। धीरे-धीरे उसने कई फैशन शो में हिस्सा लिया और अपनी पहचान बनाई। लखनऊ में उसने ‘इंडिया ग्लैमरस रनवे वीक’ का आयोजन भी कराया था। बस इतना ही नहीं बल्कि दिल्ली में हुए ‘यू एंड आई इंटरनेशनल फेस ऑफ फैशन वीक’ में उसे शो टॉपर का खिताब मिला था। उसे ‘बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ’ का अवॉर्ड भी मिल चुका है।

श्रद्धा की निजी जिंदगी में क्या हुआ?

पुलिस की जांच में श्रद्धा की शादी और परिवार से जुड़ी बातें भी सामने आई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, उसकी शादी हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी है। साल 2022 में पति से तलाक के बाद वह अलग रहने लगी थी। उसका पूर्व पति और बेटा रायबरेली में रहते हैं। बताया गया है कि श्रद्धा लखनऊ के बालू अड्डा इलाके में एक फ्लैट में अकेली रहती थी। उसके घर पर कुछ खास लोगों का ही आना-जाना था।

महंगी गाड़ी और सोशल मीडिया पर भी चर्चा

आपको बता दें कि, श्रद्धा ने पिछले साल एक काली स्कॉर्पियो खरीदी थी। उसने इस गाड़ी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की थीं। उसके इंस्टाग्राम पर उसके करीब 1.41 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। लेकिन शिवा शर्मा की मौत के मामले में उसका नाम आने के बाद अब उसकी जिंदगी से जुड़ी कई बातें चर्चा में हैं।

म्यूजिक एल्बम में भी आ चुकी है नजर

श्रद्धा दुबे फैशन शो के अलावा म्यूजिक की दुनिया में भी काम कर चुकी है। वह जी म्यूजिक के एल्बम ‘तुझमें है बारिश’ में नजर आई थी। फैशन से जुड़े कार्यक्रमों में भी उसे सम्मान मिल चुके हैं। एक कार्यक्रम में मेकअप आर्टिस्ट विकास श्रीवास्तव ने उसे सम्मानित किया था। इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव के साथ उसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। हालांकि, किसी के साथ तस्वीर सामने आने से उस व्यक्ति का इस मामले से जुड़ा होना साबित नहीं होता है।

शिवा शर्मा की मौत के मामले में क्या है स्थिति?

मालूम हो कि, शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले फ्लैट में क्या हुआ था। जांच के दौरान वहां से कुछ दवाएं और एडल्ट टॉयज मिले हैं। पुलिस मोबाइल पर हुई बातचीत और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के करीब 15 मिनट बाद एक सफेद ऑडी कार भी अपार्टमेंट में आई थी। शिवा के परिवार ने उसकी लिव-इन पार्टनर और कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रद्धा को इस मामले में वांछित बताया जा रहा है। हालांकि, मामले की पूरी सच्चाई और मौत की वजह जांच के बाद ही साफ होगी।

Created On :   13 Oct 2026 4:02 PM IST

Tags

Next Story