डिजिटल डेस्क । गर्मियों में हम ज्यादातर जीजें ठंडी ही खाना पसंद करते हैं। इसलिए हर चीज फ्रिज में रख देते हैं। कुछ लोग तो वेफर्स के पैकेट भी फ्रिज पर रख कर ठंडा कर के खाते हैं, लेकिन क्या आप जानते है कि हमारी फैमिली की हेल्थ का सीधा संबंध आपके फ्रिज से होता है। क्योंकि हम इसमें कुछ भी और कैसे भी रख देते हैं। असल में फ्रिज में हर चीज नहीं रखना चाहिए और जो भी रखें उनकी जगह भी सही होनी चाहिए, ताकि वो तरोताजा रहे और उनके पोषक तत्व भी बने रहे। आइए जानते है फ्रिज के कुछ खास नियम जो आपकी हेल्थ की भी रखेंगे ख्याल।

फ्रिज की हर शेल्फ में पीछे का हिस्सा सबसे ज्यादा ठंडा रहता है। इसलिए जिन फूड आइटम्स को अधिक कूलिंग की आवश्यकता होती है उन्हें शेल्फ में पीछे की तरफ रखें। कम कूलिंग की जरूरत वाली चीजों को आगे की ओर भी रखा जा सकता है।

हममें से कई लोग सूखी मेवा और कुछ दालों को भी फ्रिज में रखना पसंद करते हैं। बेहतर होगा कि आप इन्हें प्लास्टिक के एयरटाइट बैग में रखें। ऐसा करने से आपका स्पेस भी बचेगा और चीजें अधिक दिनों तक सही रहेंगी।

अक्सर देखने में आता है कि लोग शेल्फ के ऊपर बिछाने के लिए मैट का प्रयोग करते हैं। इस कारण शेल्फ बीच से तो साफ-सुथरी रहती है, लेकिन उसके किनारे गंदे हो जाते हैं। बेहतर होगा कि आप शेल्फ लाइनर्स का प्रयोग करें। ये बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं और इन्हें आप अपनी शेल्फ के साइज के हिसाब से काटकर यूज कर सकते हैं।

अधिकतर लोग नींबू और मिर्ची को पॉलीथिन में रखकर वेजिटेबल बास्केट में डाल देते हैं। जबकि इनकी जरूरत बार-बार पड़ती है। ऐसे में पूरी वेजिटेबल बास्केट निकालने में असुविधा भी होती है और बार-बार बाहर निकालने से बाकी सब्जियां खराब होने लगती हैं। इसलिए नींबू और मिर्ची को आप ट्रे बास्केट में रखें।

फ्रिज में जार कम से कम रखें और organizing basket का ज्यादा प्रयोग करें। ऐसा करने से आपके लिए चीजें ढूंढना भी आसान होगा और बाकी सामान भी डिस्टर्ब नहीं होगा।

भारतीय घरों में चीजों को ढंकने के लिए प्लेट या फिर बड़े आकार के ढक्कन यूज किए जाते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो अब से ऐसा करने बंद कर दें। इनके स्थान पर क्लिंग शीट्स का प्रयोग करें। आधे कटे फल जैसे पपीते और तरबूत को ढंकने के लिए भी यह अच्छा ऑप्शन है।