बंगाल में बदलाव की लहर, भाजपा बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार दानिश अंसारी
लखनऊ/मुजफ्फरपुर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर चल रही है और भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राज्य की जनता अब विकास चाहती है और इसी वजह से पीएम मोदी की नीतियों और नीयत पर भरोसा जता रही है।
वहीं, ऑल इंडिया मोमिन अंसार सभा (पसमांदा) के राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर अंसारी ने पसमांदा मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देशभर से आए बुद्धिजीवियों ने बुनकर समुदाय के विकास को लेकर अहम सुझाव दिए।
खासतौर पर बिजली बिलों के लिए ‘फ्लैट रेट’ लागू करने और कौशल विकास को बढ़ावा देने की मांग प्रमुख रही। मंत्री ने कहा कि इन मुद्दों को पहले भी मुख्यमंत्री के सामने रखा गया था, जिस पर गंभीरता से विचार करते हुए सरकार ने बुनकरों के लिए बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुनकर समाज के लिए बजट को कई गुना बढ़ाया गया है। जहां पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान यह बजट 300 से 400 करोड़ रुपए के बीच था, वहीं वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर 4,000 करोड़ रुपए से अधिक कर दिया है। अंसारी का दावा है कि इससे बुनकर समाज के विकास के नए रास्ते खुलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
वहीं, बिहार के मुजफ्फरपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों द्वारा हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसमें विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
चौधरी ने कहा कि इस घटना पर राहुल गांधी ने भी दुख व्यक्त किया है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में राजनीतिक हिंसा एक गंभीर मुद्दा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि आम नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता सुरक्षित महसूस कर सकें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 April 2026 6:59 PM IST












