'भगवान पर भरोसा रखना बहुत जरूरी, मैंने भी वही किया,' केकेआर में शामिल होने पर सैनी ने जताई खुशी
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए चोटिल हर्षित राणा की जगह नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है। इससे पहले सैनी राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल चुके हैं। वह घायल राणा की जगह 75 लाख रुपये में टीम में शामिल होंगे।
राणा टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपने दाहिने घुटने में लिगामेंट में खिंचाव के कारण पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, जिससे केकेआर की बॉलिंग यूनिट और कमजोर पड़ गई थी। आकाश दीप और मथीशा पथिराना भी चोट के कारण बाहर हैं।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने आईपीएल करियर में अब तक 32 मुकाबले खेले, जिसमें 23 विकेट निकाले। इसके अलावा उन्होंने भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में भी 23 विकेट लिए हैं।
तीन बार की चैंपियन केकेआर की टीम में शामिल होने के बाद सैनी ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है क्योंकि जिस तरह से हम कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम लेते हैं, अगर आपको किसी को इसके बारे में समझाना हो, तो इसमें एक अलग ही एहसास होता है। इसलिए, एक नाइट राइडर के तौर पर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे इसके बारे में बीती रात पता चला। जैसे ही मुझे इसके बारे में पता चला, समझ नहीं आया कि कैसे रिएक्ट करूं।"
उन्होंने कहा, "मुझे पता था कि जिस तरह से मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और जिस तरह से चीजें अभी चल रही हैं, पहले से ही एक प्लान था, जो अब सच हो गया है, सच कहूं तो, यह हकीकत बन गया है। इसलिए, मुझे पता था कि यह कभी भी हो सकता है। लेकिन भगवान पर भरोसा रखना बहुत जरूरी है। मैंने भी वही किया। मुझे इसमें बहुत मजा आया।"
तेज गेंदबाज ने कहा, "अगर मैं इस मौके को कोई और नाम दूं, तो इसे 'पुनरुत्थान' कह सकता हूं। क्योंकि पिछले 2-3 वर्षों में मेरी यात्रा उतार-चढ़ाव भरी रही, लेकिन उस समय सबसे जरूरी डटे रहना था। जब उतार-चढ़ाव आए, तब भी मैंने खुद को संभाला, अभ्यास किया और मेहनत करना नहीं छोड़ा। इसी का नतीजा है कि मुझे यह मौका मिला। इसलिए मैं इसे अपना 'पुनरुत्थान' कह सकता हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 9:31 PM IST












