ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर झारखंड भाजपा में खुशी, प्रदेश अध्यक्ष ने मुलाकात कर दी बधाई
रांची, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पलामू के पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर झारखंड भाजपा ने प्रसन्नता जताई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची में उनसे मुलाकात कर बधाई दी। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के कई नेताओं ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
आदित्य साहू ने रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पर ब्रज मोहन राम से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कहा कि ब्रज मोहन राम के लंबे राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन का अनुभव ओडिशा के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रयासों में उपयोगी साबित होगा।
मरांडी ने भी उम्मीद जताई कि वह अपने अनुभव के आधार पर राज्यपाल के संवैधानिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति भवन की ओर से 12 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह निवर्तमान राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कम्भम्पति का स्थान लेंगे। एक जनवरी 1958 को तत्कालीन बिहार के पलामू जिले के चंदवा में जन्मे ब्रज मोहन राम का राजनीतिक सफर अविभाजित बिहार से शुरू हुआ। वह 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद उन्होंने पलामू संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा और लगातार तीन बार जीत हासिल की।
वह 1996 से 1998 तक 11वीं, 1998 से 1999 तक 12वीं और 1999 से 2004 तक 13वीं लोकसभा के सदस्य रहे। अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने ऊर्जा, रेलवे, परिवहन और पर्यटन से संबंधित संसदीय समितियों में काम किया। वह कोयला मंत्रालय की सलाहकार समिति तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के कल्याण से जुड़ी संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे।
भाजपा संगठन में भी उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और झारखंड प्रदेश भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रभारी रहे। उनकी नियुक्ति को झारखंड के राजनीतिक हलकों में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 5:52 PM IST












