- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- जमीनी विवाद में घर में घुसकर...
रीवा न्यूज: जमीनी विवाद में घर में घुसकर मारपीट, दुर्गा प्रतिमा ले जाने का आरोप

डिजिटल डेस्क रीवा।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के धोबिया टोला भीर गांव में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने, बाड़ी में तोड़फोड़ और नवरात्रि के दौरान स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रमोद साकेत अपनी मां गुलाब कली साकेत के साथ मंगलवार को शाम 5 बजे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने नईगढ़ी पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद होने की बात कही है। शिकायत में बताया गया है कि 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे जमीन विवाद को लेकर सुखचैन साकेत, विजय प्रजापति, छोटेलाल साकेत, राजा साकेत और उनके साथ आए अन्य लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों के साथ घर में प्रवेश किया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई। घर की बाड़ी की घेराबंदी तोड़ने के साथ वहां लगे पौधों को भी नष्ट कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नवरात्रि के अवसर पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा वाले पंडाल में तोड़फोड़ की गई और प्रतिमा उठाकर ले गये। घटना से परिवार ने अपनी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। परिवार ने आरोप लगाया कि नईगढ़ी पुलिस द्वारा कार्रवाई के संबंध में जानकारी लेने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करानी पड़ी। आवेदन में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई, प्रतिमा वापस दिलाने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है।
Created On :   13 Oct 2026 6:56 PM IST












