- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- खन्ना चौराहे में 35 वर्ष से सज रहा...
Rewa news: खन्ना चौराहे में 35 वर्ष से सज रहा माता का दरबार

डिजिटल न्यूज़ रीवा
नवरात्रि पर्व को लेकर इन दिनों शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक में माता रानी के प्रति भक्तों की आस्था बढ़ती जा रही है। शहर के अंदर सैकड़ो देवी पंडाल सजाए गए हैं। इन्हीं में से शहर के खन्ना चौराहा स्थित देवी पंडाल भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अगर यहां पर स्थापित देवी पंडाल की गतिविधियों पर नजर दौड़ाएं तो पता चलता है कि माता का दरबार सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति ने 1991में खन्ना चौराहे में प्रथम बार स्थापना की। उस समय रीवा में एक दो जगह पर ही प्रतिमा का रखना शुरू हुआ था। उस समय दरबार में सदस्यों द्वारा स्वयं प्रतिमा का अपने हाथों से निर्माण करते थे। भक्तों ने प्रथम वर्ष माता वैष्णो देवी की प्रतिमा रखी। इस संबंध में माता का दरबार की ओर से शहर निवासी राजेंद्र निगम बताते हैं कि यहां पर इस समय जिस तरह की देवी मां विराजमान है इस तरह का स्वरूप रीवा में 1991 में बनाने का पूरा प्रयास किया और यह मेरा प्रथम प्रयास था। जिसके कारण लोगों ने हमें बहुत उत्साहित किया और उसे वर्ष से लेकर आज 2026 तक निरंतर यह सेवा चल रही है। हम लोगों ने करीब 10 वर्ष अपने हाथों से मां गंगा मां शारदा मां काली पाताल भैरवी का निर्माण स्वयं किया और हमारे सदस्यों द्वारा उसे पर अपने हाथों से बना कर शहर के लोगों को एक आकर्षक झांकियां का निर्माण करते थे। उसके पश्चात हम लोगों ने प्रतिमा रखना शुरू किया जिसमें हम लोग प्रतिवर्ष तीन प्रतिमा दरबार में सजाते हैं जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता है। बताया गया कि वर्ष 2017 में जब 25 वां वर्ष मनाया गया उस वर्ष 9 दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए और प्रसिद्ध गायक शहनाज अख्तर ने पंडाल पर अपना भजन प्रस्तुत किया था। इस वर्ष अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है।यहां प्रायः प्रतिवर्ष पंडाल में 9 दिन तक कार्यक्रम होते हैं और शहर की जनता का उत्साह रहता है ।
लाइटिंग रहेगी आकर्षण का केंद्र
राजेंद्र निगम ने बताया कि इस बार विशेष लाइटिंग का आकर्षण का केंद्र रहेगा। कोलकाता के कारीगरों द्वारा विशेष पंडाल बनाया गया है और कोलकाता की मातारानी की ही तरह यहां भी माता का पूरा परिवार सजाया गया है उसमें लक्ष्मी गणेश कार्तिकेय तथा मां दुर्गा के विशाल स्वरूप की स्थापित गई है जो आकर्षण का केंद्र रहेगी ।
प्रसिद्ध गायिका का होगा भजन
बताया गया है कि इस दौरान पंचमी से लेकर नवमी तक विशेष कार्यक्रम होंगे। सप्तमी को देश की प्रसिद्ध गायिका अनामिका ठाकुर अपना भजन प्रस्तुत करेंगी। इस दरबार में प्रमुख रूप से राजेंद्र निगम, बीवी रावत, तेजमोहन प्रणामी, शेखर सचदेवा, किशोर चेलानी, प्रतीक पांडे, अमित कारू, सोनू मोटवानी, गोलू विद्वानी, हर्ष सिंह, पीयूष सिंह समेत दरबार के अन्य सदस्य सहयोग करते हैं।
Created On :   13 Oct 2026 2:12 PM IST












