Breaking News: आज की बड़ी खबरें 08 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 May 2025 6:35 PM IST
बीसीसीआई धर्मशाला में बी प्राक की प्रस्तुति के साथ भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम करेगा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि वह धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2025 मैच से पहले भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम करेगा। इसके हिस्से के रूप में, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार बी प्राक ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस का सम्मान करते हुए एक लाइव प्रदर्शन देंगे।
- 8 May 2025 6:31 PM IST
हमारे प्रधानमंत्री ने कौटिल्य के दर्शन को व्यवहार में उतारा है उपराष्ट्रपति धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राचीन भारत के महान राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री और रणनीतिकार 'कौटिल्य' के दर्शन को व्यवहार में उतारा है। उन्होंने कहा कि कौटिल्य की विचार प्रक्रिया शासन के प्रत्येक पहलू के लिए एक प्रकार का ग्रंथ है, जिसमें शासन कला, सुरक्षा, राजा की भूमिका, जो अब निर्वाचित व्यक्ति है, सबका वर्णन है। बहुध्रुवीय विश्व में बदलते गठजोड़ रातों-रात बदल जाने वाली अवधारणा, गठबंधन के मामले में भी यही देखा जा सकता है। कौटिल्य ने तभी यह कल्पना कर ली थी कि यह हमेशा परिवर्तनकारी रहेगा।
- 8 May 2025 6:20 PM IST
सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रतीक मुख्यमंत्री मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में समरसता, एकता और मितव्ययिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। एक ही मंडप में कई जोड़ों का विवाह होना सामाजिक चेतना और बदलती सोच का प्रतीक है। मोहन यादव गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से सागर जिले की नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रजाखेड़ी बजरिया (मकरोनिया) में संपन्न सामूहिक विवाह सम्मेलन में वर्चुअली शामिल हुए।
- 8 May 2025 6:10 PM IST
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों में रिक्त पदों के लिए दिल्ली और पड़ोसी राज्यों को लगाई फटकार
उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को दिल्ली और पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों (एसपीसीबी) में रिक्त पदों को न भरने पर कड़ी नाराजगी जताई। न्यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्यायमूर्ति उज्जल भुयान की पीठ ने इन राज्यों के मुख्य सचिवों को अदालत के अगस्त 2024 के आदेश का पालन न करने के लिए अवमानना नोटिस जारी किया।
- 8 May 2025 6:05 PM IST
पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर किया हमला- कर्नल सोफिया कुरैशी
MEA की प्रेस ब्रीफिंग जारी है। इस दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा- 07 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत ने अपनी प्रतिक्रिया को केंद्रित, मापा हुआ और गैर-बढ़ावा देने वाला बताया था. यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया था कि पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया गया था. यह भी दोहराया गया था कि भारत में सैन्य ठिकानों पर कोई भी हमला उचित जवाब को आमंत्रित करेगा। 07-08 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया। इन्हें इंटीग्रेटेड काउंटर यूएएस ग्रिड और वायुरक्षा प्रणालियों द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया। इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं जो पाकिस्तानी हमलों को साबित करते हैं।
- 8 May 2025 6:00 PM IST
2008 मालेगांव बम विस्फोट मामले में 31 जुलाई को आएगा फैसला, कोर्ट ने सभी आरोपियों को पेश होने का दिया निर्देश
एनआईए की विशेष अदालत 2008 मालेगांव बम विस्फोट मामले में 31 जुलाई को फैसला सुनाएगी। अदालत ने 31 जुलाई को सभी आरोपियों को पेश होने के लिए कहा है। कोर्ट ने कहा कि जो आरोपी अनुपस्थित होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- 8 May 2025 5:55 PM IST
'ऑपरेशन सिंदूर' पर पृथ्वीराज चव्हाण के विवादित बयान का सपा नेता अबू आजमी ने किया समर्थन
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण के विवादित बयान का "पूर्ण समर्थन" किया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीओके और पाकिस्तान के नौ आतंकवादी ठिकानों को भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक कर तबाह कर दिया। भारतीय सेना ने इस कार्रवाई को नाम दिया 'ऑपरेशन सिंदूर'। लेकिन, महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के नाम पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर "भावनात्मक लाभ" लेने का आरोप लगाया। पृथ्वीराज चव्हाण के विवादित बयान पर अबू आजमी ने कहा, "मेरा उनके बयान को पूर्ण समर्थन है।"
- 8 May 2025 5:50 PM IST
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंजाब हरियाणा जल विवाद पर दी प्रतिक्रिया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब-हरियाणा जल विवाद पर कहा, "राजनीति करने के और बहुत विषय हैं। अगर भगवंत मान को राजनीति करनी है तो वे उन विषयों पर राजनीति करें। यह पीने के पानी का सवाल है। अगर वे इस पेय जल को लेकर राजनीति कर रहे हैं तो वह दुर्भाग्यपूर्ण है।"
- 8 May 2025 5:45 PM IST
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने ऑपरेशन सिंदूर पर कहा, "6-7 मई की रात भारतीय सेना और वायु सेना ने जो कार्रवाई की थी, वह अंतर्राष्ट्रीय कनून के तहत पूरी तरह से वैध है। पाकिस्तान ने परिस्थितियों को और संवेदनशील बनाने की कोशिश की है और पाकिस्तान को यह समझना चाहिए कि वह पूरी दुनिया में आतंकवाद को प्रोत्साहित करने वाले राष्ट्र के नाम से जाना जाता है। भारतीय सेना जो भी उक्त कदम उठाएगी, सारा देश उनके साथ खड़ा रहेगा।"
- 8 May 2025 5:31 PM IST
जामिया जिया-उल-उलूम पुंठ के वाइस प्रिंसिपल ने दी प्रतिक्रिया
जामिया जिया-उल-उलूम पुंछ के वाइस प्रिंसिपल ने कहा, "कल पूरे दिन पुंछ में गोलाबारी होती रही और पूरा पुंछ इससे प्रभावित रहा। जब भी ऐसी परिस्थितियां पैदा हुईं तो हमारा शहर हमेशा सुरक्षित रहा। लेकिन पहली बार हमने देखा कि बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई है। धार्मिक ढांचों को भी निशाना बनाया गया है। इस इमारत में भी हमारे उस्ताद की गोलाबारी में मौत हो गई। उनके छह बच्चे भी उस समय यहां मौजूद थे।"
Created On :   8 May 2025 8:01 AM IST