Breaking News: आज की बड़ी खबरें 28 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 29 July 2025 1:00 AM IST
फैटी लिवर से बढ़ सकता है कैंसर का खतरा एम्स डॉक्टर प्रमोद गर्ग
हर साल 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर दिल्ली के एम्स अस्पताल में फैटी लिवर की समस्या को लेकर प्रेस वार्ता की गई, जिसमें एक्सपर्ट्स ने इससे बचाव और उपचार को लेकर जानकारी दी। दिल्ली एम्स के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एंटरोलॉजी के एचओडी डॉ. प्रमोद गर्ग ने बताया कि हेपेटाइटिस का मतलब है कि लिवर में सूजन आना, जिसके कई कारण होते हैं।
- 29 July 2025 12:14 AM IST
राजस्थान जयपुर में भारी बारिश, जलभराव के कारण सड़कों पर फंसे यात्री
दिन की उमस भरी शुरुआत के बाद सोमवार शाम जयपुर में भारी बारिश हुई, जिससे शहर भर में जलभराव और यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे तेज बारिश शुरू हुई और एक घंटे से ज्यादा समय तक जारी रही, जिसके बाद देर रात तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही।
- 28 July 2025 9:59 PM IST
'ऑपरेशन महादेव' पहलगाम के पीड़ितों ने सरकार और सेना की कार्रवाई को सराहा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 बेकसूर पर्यटकों की मौत हो गई थी। 'ऑपरेशन महादेव' के तहत भारतीय सुरक्षा बलों ने सोमवार को श्रीनगर में तीन आतंकियों को मार गिराया। इस कार्रवाई को लेकर पहलगाम में मारे गए लोगों के परिजनों ने केंद्र सरकार और भारतीय सेना की सराहना की।
- 28 July 2025 9:55 PM IST
राजनीतिक विरोध के नाम पर देशहित को ताक पर रख रहा विपक्ष - विजय सिन्हा
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा पहलगाम की घटना में पाक पोषित आतंकियों की संलिप्तता पर सवाल उठाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आज पूरा देश एकजुट खड़ा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना के बाद भारत के साथ खड़ी है।
- 28 July 2025 9:34 PM IST
भारतीय सेना वहां प्रहार करती है, जहां सबसे ज्यादा दर्द होता है अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर जारी चर्चा के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हमेशा आतंकवाद को करारा जवाब देगा।
- 28 July 2025 8:55 PM IST
पीएम मोदी भारत के रक्षक, कांग्रेस का इतिहास सरेंडर का रहा तेजस्वी सूर्या
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर जारी चर्चा के दौरान आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सरेंडर का रहा है। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने पहलगाम के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लोकसभा में कहा, "पहलगाम हमले में मारे गए लोगों में तीन कर्नाटक के थे, जिनमें दो उनके संसदीय क्षेत्र से थे। मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।"
- 28 July 2025 8:34 PM IST
मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, 390 करोड़ रुपए की ड्रग्स की खेप बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार
ड्रग्स के खिलाफ अभियान में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 390 करोड़ रुपए की ड्रग्स की खेप जब्त की। इस मामले में जांच टीम ने कर्नाटक के मैसूर में छापा मारा। मुंबई की साकीनाका पुलिस ने ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर के बाहरी रिंग रोड पर मादक पदार्थ बना रही फैक्ट्री पर छापेमारी की और एमडीएमए निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे मटेरियल जब्त किए। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- 28 July 2025 8:23 PM IST
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है सीएम पुष्कर सिंह धामी
हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर जैसी घटना फिर न हो, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मनसा देवी मंदिर का हादसा दुखद है और भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना की पुर्नावृति न हो, उसको लेकर सरकार प्रयास कर रही है।
- 28 July 2025 4:59 PM IST
पहलगाम में आतंकवादी आखिर घुसे कैसे?-कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा जारी है। रक्षा मंंत्री राजनाथ सिंह के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अपना पक्ष रखा। भाषण देते हुए उन्होंने सरकार को जम कर घेरा। साथ ही, कई सवाल भी खड़े किए। सांसद ने सवाल किए कि, पहलगाम में आतंकवादी आखिर घुसे कैसे?, भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान भारत के कितने फाइटर प्लेन तबाह हुए? और दोनों देशों के बीच सीजफायर कैसे हो गया? चलिए जानते हैं गौरव गोगोई ने क्या कुछ कहा?
- 28 July 2025 4:46 PM IST
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू , कल सुबह 11 तक कार्यवाही स्थगित
मध्य प्रदेश विधानसभा काे मानसून सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। विपक्षी कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा और प्रदर्शन किया। कांग्रेस भ्रष्टाचार, घोटालों और जनहित के मुद्दों, आदिवासी, किसान, दलित, महिला, युवा और रोजगार को लेकर सरकार को घेरने के मूड़ में है, वहीं सरकार भी विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। अब विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी
Created On :   28 July 2025 8:02 AM IST