चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 आप ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जरनैल सिंह ने दी बधाई

चंडीगढ़, 13 नवंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने घोषित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और जनसेवा की भावना चंडीगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पार्टी द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार वार्ड 1 से दिलदार सिंह, वार्ड 21 से गुरप्रीत कौर लड्डी, वार्ड 22 से अंजू कत्याल, वार्ड 23 से ओंकार सिंह औलख (सन्नी), वार्ड 24 से कुलदीप कुमार, वार्ड 25 से राधिका ढींगरा, वार्ड 27 से अजीत सिंह जिंद, वार्ड 30 से सतनाम कौर, वार्ड 32 से एडवोकेट अरुण प्रभा खुरचा को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि जनता के आशीर्वाद और सहयोग से साफ-सुथरी, पारदर्शी और जनहितैषी राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चंडीगढ़ के विकास के लिए एकजुट होने की अपील की गई।
वहीं, चंडीगढ़ आप प्रभारी और विधायक जरनैल सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को चंडीगढ़ की जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 में पार्टी शानदार जीत दर्ज करेगी और शहर की राजनीति में एक सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेगी।
चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं, जिनमें से 9 वार्डों पर आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी उतार दिए हैं। अन्य पार्टियां अभी उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन कर रही हैं। हालांकि, अब चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के नेता भी चंडीगढ़ में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए।
बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में पार्षद उम्मीदवारों पर चर्चा की गई और पहली सूची जारी कर दी गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
