कांग्रेस यूपी की 403 सीटों पर कर रही तैयारी, अक्टूबर में सहयोगी दलों के साथ बातचीत करेंगे राजेंद्र पाल गौतम
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारे जाने की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा का "असली चरित्र" दिखाती है। गौतम ने कहा कि सवाल पूछने वाले लोगों के साथ बदसलूकी की जाती है और उन्हें या तो थप्पड़ मारा जाता है या उन्हें देशद्रोही कहा जाता है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी का असली चरित्र है। वैसे भी यहां गुंडों, उपद्रवियों और नफरत फैलाने वाले लोगों को इनाम मिलता है।"
उन्होंने भाजपा के कई नेताओं के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि संसद के भीतर भी कुछ नेताओं ने अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है।
राजेंद्र पाल गौतम ने अनुराग ठाकुर, गिरिराज सिंह और निशिकांत दुबे के बयानों पर सवाल उठाए। इसके अलावा उन्होंने कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा को लेकर भी आरोप लगाए। गौतम ने कहा कि कपिल मिश्रा पर पूर्वी दिल्ली में दंगे भड़काने के आरोप रहे हैं और आज वह मंत्री हैं। उन्होंने प्रवेश वर्मा पर भी नफरत भरी बातें करने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर गौतम ने कहा कि कांग्रेस अक्टूबर में सहयोगी दलों के साथ सीटों को लेकर बातचीत शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। आज भी हमारी एक बैठक है। हमें गठबंधन सहयोगियों के लिए भी प्रचार की तैयारी करनी है।"
समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी बातचीत शुरू नहीं हुई है। उनके मुताबिक, फिलहाल कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है और जल्द ही संगठन के गठन की घोषणा की जाएगी।
गौतम ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की मदद से चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि मुद्दा सिर्फ चुनाव जीतने या हारने का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और मतदाताओं के वोट की सुरक्षा का है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लोगों के वोट सुरक्षित हैं और क्या उनका वोट उसी उम्मीदवार के पक्ष में जा रहा है, जिसे उन्होंने चुना है। गौतम ने यह भी पूछा कि क्या चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने की अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है या भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग को भाजपा की "बी टीम" तक कहे जाने पर भी सवाल उठाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 7:13 PM IST












