तेलंगाना मंत्री की पूर्व ओएसडी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज
हैदराबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना की वन और बंदोबस्ती मंत्री कोंडा सुरेखा के पूर्व ओएसडी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब कोंडा सुरेखा सत्तारूढ़ कांग्रेस में विवादों में घिरी हैं। दरअसल, उनकी बेटी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद से पार्टी में हलचल है।
एक रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत पर मेडिपल्ली पुलिस स्टेशन में एन. सुमंत और पांच अन्य लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। यह एफआईआर गुरुवार को मल्काजगिरी पुलिस कमिश्नरेट के मेडिपल्ली थाने में दर्ज हुई थी। बाद में इसे हैदराबाद कमिश्नरेट के जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया।
शिकायतकर्ता गोंगिडी हरिकृष्ण बोडुप्पल के रहने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पुलिस ने पूर्व ओएसडी सुमंत, रामू, प्रशांत, अरुण कुमार रेड्डी, कार्तिक और महेंद्र रेड्डी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 जुलाई को सुमंत और अन्य ने उन पर हमला किया। हरिकृष्ण के मुताबिक, सुमंत ने उन्हें रामू के ऑफिस में मिलने के लिए बुलाया था। वहां सुमंत ने उनसे पूछा कि क्या वह उसका नाम लेकर पैसे वसूल रहे हैं। जब उन्होंने इससे इनकार किया तो सुमंत ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और लोहे की रॉड से मारा। सुमंत के इशारे पर बाकी लोगों ने भी हमला कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि हमले में उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, खून बहने लगा और अन्य चोटें भी आईं। 10 अगस्त को उनकी सर्जरी भी हुई।
यह मामला सत्तारूढ़ कांग्रेस में चल रहे विवाद के बीच सामने आया है। दो दिन पहले वारंगल जिले में अपनी मां के जन्मदिन समारोह में मंत्री की बेटी सुष्मिता ने कहा था कि वह अगले चुनाव में पार्कल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, चाहे पार्टी टिकट दे या न दे। उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे।
इस पर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने मंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जवाब में सुरेखा ने कहा कि उनकी बेटी ने अपने निजी विचार रखे हैं और वह अपनी बेटी के बयानों के लिए जिम्मेदार नहीं हैं।
यह दूसरी बार है जब मंत्री अपनी बेटी के बयानों के कारण विवादों में आई हैं। पिछले साल भी सुष्मिता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। तब पुलिस उनके पूर्व ओएसडी एन. सुमंत की तलाश में मंत्री के हैदराबाद स्थित घर पहुंची थी। सुमंत पर एक सीमेंट कंपनी के अधिकारी को बंदूक दिखाकर वसूली का आरोप था।
तब सुष्मिता ने पुलिस टीम को अरेस्ट वारंट दिखाने को कहा था और घर में घुसने नहीं दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुमंत पर केस उनके माता-पिता को टारगेट करने के लिए किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी और राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी पर गंभीर आरोप लगाए थे और कहा था कि उनके माता-पिता को पिछड़ी जाति से होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 2:37 PM IST












