कटनी जमीन घोटाला सीएम मोहन यादव ने डीजीपी को दिए निर्देश, सीएसपी नेहा पच्चीसिया निलंबित
भोपाल, 21 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में हत्या के आरोपी को बचाने और करोड़ों की जमीन की सौदेबाजी के आरोप में घिरी नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
दरअसल, कटनी में हुए एक हत्याकांड के मामले में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया था और उस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक पर आरोप लगा था कि उन्होंने आरोपी की करोड़ों की जमीन का कुछ लाख में दूसरे व्यक्ति से सौदा कराया है। इस मामले की जांच हुई और इसमें उन्हें दोषी पाया गया, जिस पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) नेहा पच्चीसिया पर दर्ज हुए मामले को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के तेवर तल्ख हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्य सचिव को संबंधित नगर पुलिस अधीक्षक के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा। निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कटनी हत्याकांड के मामले में आरोपी को बचाने के लगे आरोपों की शिकायत पुलिस महानिदेशक से हुई थी और उनके निर्देश पर जबलपुर के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने जांच के आदेश दिए थे और यह जांच आईपीएस अनु बेनीवाल से कराई गई। इस जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर जबलपुर के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर कटनी के कोटा थाने में नगर पुलिस अधीक्षक, जमीन खरीदने वाले मारूफ अहमद और बिचौलिए के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 2:37 PM IST












