पिछले साल के मुकाबले इस बार तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी आईएमडी वैज्ञानिक
हैदराबाद, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद से मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिक धर्मराजू ने बताया है कि तेलंगाना में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे मौजूदा सिनॉप्टिक (मौसम संबंधी) परिस्थितियां मुख्य कारण हैं।
धर्मराजू के मुताबिक, इस समय दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर म्यांमार की खाड़ी तक तमिलनाडु के ऊपर से गुजरती हुई एक ट्रफ और विंड डिसकॉन्टिन्युटी बनी हुई है, जो समुद्र तल से करीब 900 मीटर ऊपर सक्रिय है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और तेलंगाना के ऊपर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इन दोनों स्थितियों और दक्षिणी तथा दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण राज्य में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने आईएएनएस से बताया कि खास तौर पर आदिलाबाद और निजामाबाद जिलों में तापमान काफी बढ़ गया है। वहीं, महबूबनगर, जोगुलांबा गडवाल, वनपर्थी, नारायणपेट और नागरकर्नूल जैसे दक्षिणी जिलों में भी गर्मी का असर तेज है। राज्य के अन्य जिलों में अगले पांच दिनों तक तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच थोड़ी राहत की भी उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। दक्षिणी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और यह स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है।
धर्मराजू ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आदिलाबाद और निजामाबाद में अब तक 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया जा चुका है, जबकि हैदराबाद शहर में भी हाल ही में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
उन्होंने चेतावनी दी कि मई महीने में भी तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 April 2026 7:49 PM IST












