कब लेंगे सुध: गजब नजारा है - धंतोली के नो पार्किंग में पार्किंग, सड़कों पर स्थायी अतिक्रमण और बदहाल यातायात

गजब नजारा है - धंतोली के नो पार्किंग में पार्किंग, सड़कों पर स्थायी अतिक्रमण और बदहाल यातायात
  • हाई कोर्ट अतिक्रमण विरोधी ठंडी मुहिम पर हुआ नाराज
  • 16 साल से लंबित याचिका पर संज्ञान
  • समिति ने दिए 5 अहम सुझाव, तभी राहत

Nagpur News. उमरेड रोड और खामला क्षेत्र में फुटपाथ ही नहीं, बल्कि सड़कों पर किए गए स्थायी अतिक्रमण और बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। अदालत ने मनपा के अतिक्रमण विरोधी पथक की कार्यप्रणाली पर मौखिक सवाल उठाते हुए निर्देश दिए कि पथक में कार्यरत कुल कर्मचारियों की संख्या, उनके वेतन पर होने वाला खर्च और पिछले एक वर्ष में पथक द्वारा की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि हॉकर्स और वेंडर्स के खिलाफ की गई कार्रवाई को छोड़कर अन्य अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई की जानकारी मनपा को प्रस्तुत करनी होगी। अदालत ने शहर के सौंदर्यीकरण पर किए जा रहे खर्च की जानकारी भी मांगी है और इसे होर्डिंग से संबंधित याचिका की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


16 साल से लंबित याचिका पर संज्ञान

धंतोली क्षेत्र में ट्रैफिक अव्यवस्था, अस्पतालों के अतिक्रमण से बनी पार्किंग समस्या और अन्य नागरिक मुद्दों पर धंतोली नागरिक मंडल द्वारा दायर जनहित याचिका पर बुधवार को न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति राज वाकोडे की पीठ ने सुनवाई की। अदालत ने यह भी कहा कि पिछले 16 वर्षों से यह याचिका लंबित है और बार-बार आदेश देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। न्यायालय ने पहले भी अवैध पार्किंग करने वाले अस्पतालों पर चार गुना जुर्माना लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। मामले में न्यायालय द्वारा गठित समिति ने दोनों क्षेत्रों का निरीक्षण कर अपनी सिफारिशें पेश कीं, जिन्हें अदालत ने रिकॉर्ड पर लिया और मनपा को इस पर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए। अगली सुनवाई 4 मई को तय की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से एड. आशुतोष धर्माधिकारी और एड. अश्विन देशपांडे, राज्य सरकार की ओर से एड. दीपक ठाकरे तथा मनपा की ओर से एड. जेमिनी कासट ने पक्ष रखा।


समिति ने दिए 5 अहम सुझाव, तभी राहत

  • यातायात योजना और प्रबंधन के लिए वीएनआईटी के विशेषज्ञों को शामिल किया जाए।
  • ट्रैफिक और अतिक्रमण हटाने की बेहतर योजना के लिए सर्वे कर ठोस आंकड़े जुटाए जाएं।
  • धंतोली, रामदासपेठ में 15 दिन में मनपा और ट्रैफिक पुलिस मिलकर अचानक जांच अभियान चलाएं।
  • इन क्षेत्रों में एम्बुलेंस के लिए यशवंत स्टेडियम और गोरक्षण के सामने तथा रामदासपेठ में क्रिम्स अस्पताल के सामने इन तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
  • एम्बुलेंस नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच के लिए आरटीओ के अधिकारी की मदद ली जाए।

Created On :   30 April 2026 7:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story