डिजिटल अरेस्ट: ठगी की रकम बुजुर्ग दंपति को लौटाई, आतंकियों से संबंध का झांसा देकर की थी करतूत

ठगी की रकम बुजुर्ग दंपति को लौटाई, आतंकियों से संबंध का झांसा देकर की थी करतूत
  • बुजुर्ग दंपति को उनकी रकम वापस मिल गई
  • वीडियो कॉल के जरिए दंपति को डिजिटल अरेस्ट में रखा

Nagpur News. साइबर अपराधियों द्वारा ठगी का शिकार बनाए गए बुजुर्ग दंपति को उनकी रकम वापस मिल गई है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के जरिए दंपति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा और आतंकियों से संबंध होने का झूठा आरोप लगाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए थे।

जानकारी के अनुसार, आरोपी वर्तमान में दिल्ली की जेल में बंद हैं। पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मामले में आगे की कार्रवाई करने का प्रयास कर रही है।

पीड़ित दंपति को साइबर अपराधियों ने वीडियो कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया। कॉल के दौरान नकली पुलिस स्टेशन और वर्दी का इस्तेमाल कर उन्हें भरोसे में लिया गया। आरोपियों ने दंपति को बताया कि उनके नाम से खोले गए बैंक खाते का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में हुआ है और इसके बदले उन्हें भारी कमीशन मिला है। इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तारी की धमकी दी गई।


डर के माहौल में आरोपियों ने दंपति को उनके ही घर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखने का झांसा दिया और मामला रफा-दफा करने के नाम पर लाखों रुपये की मांग की। भय के कारण दंपति ने बताए गए खाते में 13 लाख रुपये जमा कर दिए।

बाद में ठगी का एहसास होने पर दंपति ने संबंधित बैंक और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। बैंक अधिकारियों की सतर्कता से राशि को अपराधियों तक पहुंचने से पहले ही फ्रीज कर लिया गया। गुरुवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दंपति को पूरी रकम वापस कर दी गई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी देशभर में कई लोगों को इसी तरह के झांसे देकर ठग चुके हैं। नागपुर साइबर पुलिस टीम अब उन्हें दिल्ली से लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है, जिससे और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

Created On :   30 April 2026 5:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story