तेजस्वी ने घुसपैठिये को लेकर किया सवाल, 'बिहार में 21 सालों से एनडीए की सरकार, इसे रोकना उनकी जिम्मेदारी थी'

तेजस्वी ने घुसपैठिये को लेकर किया सवाल, बिहार में 21 सालों से एनडीए की सरकार, इसे रोकना उनकी जिम्मेदारी थी
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठिये को लेकर दिए गए एक बयान को लेकर सवाल उठाए हैं।

पटना, 26 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठिये को लेकर दिए गए एक बयान को लेकर सवाल उठाए हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में 21 सालों से इन लोगों की सरकार है। केंद्र में उनकी सरकार है। फिर भी घुसपैठिए की बात कर रहे हैं। बिहार में अगर घुसपैठ हो रहा है तो यह रोकना उनकी जिम्मेदारी थी, जो सरकार ने सही ढंग से नहीं निभाई।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग ने जब बिहार में एसआईआर किया तो सर्वोच्च न्यायालय में दिए हलफनामा में कहा कि बिहार में कहीं भी घुसपैठिए नहीं हैं। फिर जब-जब चुनाव आता है, तो ये लोग ऐसी बेकार की बातें करते हैं। आपस में लड़ाने का काम भाजपा करती है।

बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार से तीन दिनों के बिहार दौरे पर हैं। गुरुवार को वे अररिया पहुंचे और बॉर्डर आउट पोस्ट्स 'लेटी' व 'इंदरवा' के उद्घाटन और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के विभिन्न कार्यों के ई-लोकार्पण, ई-शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सीमा के 10 किलोमीटर के अंदर जितने अवैध अतिक्रमण हैं, उन सभी अतिक्रमणों को इस अभियान के अंतर्गत ध्वस्त किया जाएगा और घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें भारत से बाहर भेजने का कार्य भी शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वे एक-एक घुसपैठिए को भारत की भूमि से चुन-चुन कर बाहर कर देंगे। उन्होंने कहा कि यह कोई चुनावी वादा नहीं है, ये केंद्र सरकार का संकल्प है। अब ये सिर्फ वादा नहीं है, हम जल्द ही ऐसा करने जा रहे हैं।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएजी की रिपोर्ट को लेकर कहा कि आवास योजना में 24 घंटे में आवास तैयार हो गया। सबसे बड़ा घोटाला खजाने की चोरी है। सदन में हमारे विधायकों ने भी चर्चा की, लेकिन सरकार जवाब नहीं दे रही है।

उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि उम्मीदवार जो भी होगा, हम लोग चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Feb 2026 6:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story