टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में शहजाद शेख की एंट्री, बताया कैसा है किरदार
मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता शहजाद शेख अब जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में शामिल हो गए हैं। वे अमनदीप सिद्धू और शीजान खान के साथ नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि शो में उनका किरदार कैसा है।
‘कुबूल है’, ‘कुछ तो है’, ‘इश्कबाज’ जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज का हिस्सा रहे शहजाद इस शो में श्लोक का किरदार निभा रहे हैं, जो एक होटल मालिक है और कहानी में नए मोड़ और दिलचस्प ट्विस्ट लाने वाला है।
शहजाद ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “मैंने अपने करियर की शुरुआत जी टीवी के शो ‘कुबूल है’ से की थी। अब एक बार फिर जी फैमिली का हिस्सा बनकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।”
अभिनेता ने बताया कि जब उन्हें शो का ऑफर मिला तो शुरू में वे थोड़े हिचकिचा रहे थे, लेकिन स्क्रिप्ट और किरदार को समझने के बाद वह बहुत खुश हुए। शहजाद ने कहा, “इतने सालों बाद इस चैनल पर वापसी करना और उसका सबसे बेहतरीन शो करने का मौका मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।”
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए शहजाद ने बताया, “शो में मैं एक होटल मालिक का रोल कर रहा हूं। मजेदार बात यह है कि जब मैं पहली बार भारत आया था, तब मैंने ताज इंस्टीट्यूट से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। इस किरदार को निभाते हुए लग रहा है जैसे जीवन का एक चक्र पूरा हो गया हो। श्लोक और मैं कई मामलों में काफी मिलते-जुलते हैं।”
शहजाद शेख की ‘गंगा माई की बेटियां’ में एंट्री शो को नया आयाम देने वाला माना जा रहा है। वहींं, शहजाद ने शो की टीम की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे इस टीम की बनाई दुनिया, कलाकार और किरदार बहुत पसंद आए। रवि और सरगुन जैसे बेहतरीन प्रोड्यूसर्स के साथ काम करना गर्व की बात है।”
शो अमनदीप सिद्धू पर केंद्रित है, जो अपनी मां दुर्गावती और एक अन्य किरदार स्नेहा के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रही है। श्लोक की एंट्री के साथ कहानी में नए ट्विस्ट आने वाले हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 8:49 PM IST












