UP News: BSP में वापसी के बाद भावुक हुए आकाश आनंद, दोबारा पार्टी में एंट्री पर मायावती को लेकर दी प्रतिक्रिया

BSP में वापसी के बाद भावुक हुए आकाश आनंद, दोबारा पार्टी में एंट्री पर मायावती को लेकर दी प्रतिक्रिया
आकाश आनंद की बहुजन समाज पार्टी में दोबारा वापसी हो गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पद पर फिर से आकाश आनंद को नियुक्त किया जाता है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आकाश आनंद की बहुजन समाज पार्टी में दोबारा वापसी हो गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पद पर फिर से आकाश आनंद को नियुक्त किया जाता है। इस वापसी के बाद आकाश आनंद ने अपनी पहली प्रतिक्रिया जारी की है। इस दौरान वह काफी भावुक हो गए थे।

BSP प्रमुख का जताया आभार

आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "आदरणीय बहन मायावती जी, सादर चरणस्पर्श। आपने मुझे क्षमा किया और बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दोबारा सौंपी। इस भरोसे के लिए मैं तहे दिल से आपका आभारी हूं और इसे मैं हल्के में कभी नहीं ले सकता हूं।"

वह आगे बताते हैं, "पिछले कुछ समय ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। सबसे बड़ी सीख यह है कि यह मूवमेंट किसी एक व्यक्ति से कहीं बड़ा है। परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी और मान्यवर श्री कांशीराम जी ने जो रास्ता दिखाया, जिस पर आपने अपना पूरा जीवन लगा दिया, उस पर चलना मेरा सौभाग्य है। आपके दिशा-निर्देशन में पार्टी और मूवमेंट का हित ही मेरे लिए सर्वोपरि रहेगा। मैं अपने सभी व्यक्तिगत हितों को त्यागकर, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करूंगा।"

फैसले पर मायावती ने क्या कहा?

आकाश आनंद के बयान से पहले मायावती ने एक्स पर ऐलान करते हुए लिखा था कि इस मामले में काफी सोच-विचार किया गया। इसके बाद पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित के लिए आकाश आनंद को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। बीएसपी प्रमुख ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी सही तरीके से चल सकेगी।

बताते चलें कि 3 सितंबर, 2026 को मायावती ने आकाश से राष्ट्रीय संयोजक पद ले लिया था और उन्हें 10 सितंबर तक पार्टी से पूरी तरह फ्री कर दिया था। इसके बाद अब उनकी दोबारा पार्टी में उसी पद के साथ एंट्री हो गई है।

Created On :   6 Oct 2026 12:28 AM IST

Tags

Next Story