West Bengal Politics: 'TMC नेताओं पर हमले और अभिषेक बनर्जी को जान से मारने...' ममता बनर्जी ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पार्टी को तोड़ने की कोशिश और अभिषेक बनर्जी की हत्या करने की साजिश रचि जा रही है। ममता ने बताया कि अगर उन्हें टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं मिलती है तो वह अपना विरोध दिल्ली में दर्ज कराएगी।
धरने पर बैठेगी ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि टीएमसी मंगलवार (2 जून) को कोलकाता के रानी रासमणि एवेन्यू में धरने पर बैठने वाली है। इसके लिए पुलिस से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन इससे इनकार कर दिया गया है। पुलिस के इस फैसले को ममता ने राजनीति से प्ररित बताया है और कहा कि इजाजत नहीं मिलने के बाद भी आंदोलन करेगी।
ममता बनर्जी ने किया ये दावा
ममता बनर्जी ने दावा करते हुए कहा, "टीएमसी और भी ज्यादा मजबूत होगी। आज जो लोग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं कि पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं के साथ खड़े नहीं हैं, वे झूठी जानकारी फैला रहे हैं। पूरी तरह से अराजकता फैली हुई है, यहां तक कि हिटलर ने भी ऐसे काम नहीं किए थे। इस स्थिति का वर्णन करने के लिए अब कोई शब्द नहीं बचे हैं। आप कुछ विधायकों और सांसदों को डरा-धमकाकर या रिश्वत देकर TMC को कमजोर नहीं कर सकते, बल्कि इससे तो पार्टी और भी ज्यादा मजबूत हो रही है।"
यह भी पढ़े -अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर टीएमसी का बड़ा बयान, जानें अब ममता बनर्जी क्या उठाएंगी कदम
TMC नेताओं को मारने की कोशिश
ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर हुए हमलों के जिम्मेदार भाजपा है, उसने उन्हें जान से मारने के लिए सोची समझी साजिश रचि थी। उन्होंने बताया, "आपने (BJP) अभिषेक और कल्याण बनर्जी को जान से मारने की कोशिश की है।"
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे बंगाल में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को राजनीतिक गतिविधियां करने से रोका जा रहा है। उनका कहना है, "वे हमारे कार्यकर्ताओं को बैठकें करने नहीं दे रहे हैं और हमें बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी के 2,500 कार्यालयों में तोड़फोड़ की है। उन्होंने ईदगाहों पर कब्जा कर लिया है और धार्मिक संस्थानों को बंद कर दिया है।"
Created On :   1 Jun 2026 8:52 PM IST











