Bangalore stampede case: 'यह सिद्धारमैया सरकार की विफलता..', बेंगलुरु भगदड़ मामले को लेकर बोले केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी

- बेंगलुरु भगदड़ मामले पर गरमाई सियासत
- हादसे के लिए सिद्धारमैया सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहा विपक्ष
- केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने किया तीखा हमला
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आरसीबी की विक्ट्री परेड में भगदड़ मच गई। खबर लिखे जाने तक इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना पर केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा, "मेरे हिसाब से यह सरकार की विफलता है। कल (मंगलवार) से ही क्रिकेट प्रशंसक उत्साहित हैं और इसका आनंद ले रहे हैं। आज सरकार ने निमंत्रण दिया और आरसीबी टीम ने बेंगलुरु आने का फैसला किया। राज्य सरकार उन्हें सम्मानित करना चाहती थी। अगर सरकार ने उचित सुरक्षा उपाय किए होते, तो यह घटना नहीं होती। यह सरकार की विफलता है। क्रिकेट खिलाड़ियों को लेने के लिए हमारे उपमुख्यमंत्री एयरपोर्ट गए। मुख्यमंत्री ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। कर्नाटक में गृह मंत्री हैं या नहीं, हमें नहीं पता। हर कोई कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी आलोचना कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि परिवार के सदस्य इस दुख से उबरें।"
राज्य सरकार ले घटना की जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई घटना, जिसमें आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ मचने से कई लोगों की दुखद मौत हो गई। इस घटना ने बहुत झकझोर दिया है। खुशी के जश्न से पहले ही मासूमों की जान चले जाने से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस त्रासदी का सीधा कारण उचित तैयारी और एहतियाती उपायों की कमी है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को इस आपदा की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार घायलों को तुरंत अच्छा इलाज मुहैया कराए और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने कहा, "मेरी चिंता यह है कि स्टेडियम और विधानसभा के पास जश्न देखने आए क्रिकेट प्रशंसक बिना घबराए या जल्दबाजी किए सुरक्षित घर पहुंच जाएं। पुलिस को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों की सहायता करनी चाहिए।"
Created On :   5 Jun 2025 1:16 AM IST