बिहार विधानसभा चुनाव 2025: तेजस्वी या तेज प्रताप यादव? चुनाव में किसे मिलेगा राबड़ी देवी का साथ? लालू परिवार और RJD से निष्कासित होने के बाद पूर्व CM ने खुलकर की चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में एक ओर जहां विधानसभा चुनाव के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। तो वहीं, दूसरी ओर आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले से सियासी बवाल मचा हुआ है। इस बीच राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ जमकर चुनाव प्रचार और बयानबाजी कर रहे हैं। इस सिलसिले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने शनिवार को आगामी विधानसभा चुनाव से लेकर बेटे तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव और सीएम नीतीश कुमार पर अपने विचार साझा किए।
यह भी पढ़े -जोकीहाट में बीजेपी को जीत की तलाश, पारिवारिक प्रतिद्वंद्विता, रणनीतियां और साम्प्रदायिकता जीत में निभाती है अहम भूमिका
तेज प्रताप यादव के चुनाव लड़ने पर राबड़ी देवी ने दी प्रतिक्रिया
मीडिया से बात करते हुए सबसे पहले राबड़ी देवी ने सत्ताधारी एनडीए सरकार पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब गरीब का राज होता है तो लोग उसे जंगलराज कहते हैं, लेकिन जब हत्या और अपराध सत्ता संरक्षण में होते हैं तो उसे क्या कहा जायेगा?
इस दौरान राबड़ी देवी ने पहली बार सार्वजनिक रूप से बेटे तेज प्रताप यादव के लालू परिवार और आरडेजी से निष्कासित होने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, "मन से तो बेटा है, पर पार्टी से और घर से ये लोग निकाला है। प्रचार के लिए नहीं जाऊंगी, लेकिन दिल में है कि चुनाव जीते।" उन्होंने आगे कहा, “वो अपने पैरों पर खड़ा है और उसे बिहार में काम करने का पूरा हक है।" इतना ही नहीं, बल्कि राबड़ी देवी ने तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच चल रहे सियासी अनबन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "परिवार में कभी कुछ हो सकता है, पर भाई-बहन एक ही हैं। जिनका घर नहीं है, वो ही दूसरों के घर में लड़ाई लगाते हैं।"
यह भी पढ़े -राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों को स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं
राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव पर जताया भरोसा
राबड़ी देवी ने कहा कि "जब गरीब का बच्चा पढ़ने लगा, जब लोगों को हक मिला, तब जंगलराज कहा गया। लेकिन अब जब मोकामा और आरा में मर्डर हो रहे हैं, तब क्या इसे भी जंगलराज कहेंगे?" इसके बाद उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में गरीब को खड़ा किया गया, ताकि वह अपने हक के लिए लड़ सके। उन्होंने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा, "हम लोग दुश्मन नहीं बनाते, वो लोग दुश्मन बनाते हैं।" वहीं, राबड़ी देवी ने तेजस्वी पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा. “जब मन में ठान लेगा तो करेगा, जैसे 17 महीने में काम करके दिखाया।"
वहीं, राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी मोकामा हत्याकांड पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में लोग घूम रहे हैं और मर्डर कर रहे हैं। जो इनके खिलाफ खड़ा होता है, उसे कुचल दिया जाता है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी में दागी लोग चले जाते हैं तो सही हो जाते हैं? उन्होंने पूछा कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह की बच्चियों को न्याय कब मिलेगा? एनडीए पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि 20 साल में क्या किया आपने? तेजस्वी ने जो रोजगार दिया, जनता उसका जवाब 14 तारीख को देगी।
राबड़ी देवी ने जनता से अपील की कि वे पांच किलो राशन के बहकावे में न आएं।” उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने जो वादे किये हैं, उन्हें निभाया है। हर घर में सरकारी नौकरी पहुंचेगी। उन्होंने अपनी पार्टी पर लगे M-Y समीकरण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पापा के समय में सभी को सम्मान मिला था, आधे से ज्यादा कैबिनेट में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया। अंत में उन्होंने कहा, "तेजस्वी हमारे बेटे की तरह हैं, तेज प्रताप पर हमारा आशीर्वाद हमेशा रहेगा। राजनीतिक मजबूरियां हैं, पर पारिवारिक रिश्ता कभी नहीं टूटता। आज अपराध बढ़ रहा है, तो क्या अब जंगलराज नहीं, आसाराम का राज चल रहा है?
Created On :   1 Nov 2025 2:37 PM IST












