UCC पर घमासान!: यूजीसी पर बिहार NDA में दरार के संकेत, JDU के विरोध के बीच चिराग पासवान ने साफ किया रुख

डिजिटल डेस्क, पटना। यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद सियासी संग्राम शुरू हो गया है। उनके बयान के बाद बिहार NDA में विरोध के स्वर सुनाई देने लगे हैं। जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU की तरफ से श्याम रजक ने एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने बताया कि इस कानून को किसी कीमत पर बिहार में लागू नहीं किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
चिराग पासवान का कहना है कि उनकी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) समानता और विविधता, दोनों को लेकर हमेशा प्रतिबद्ध रही है। इसके साथ ही उन्होंने UCC के मामले में कहा कि इस कानून का प्रारूप सार्वजनिक होने के बाद ही कुछ कहा जाएगा।
UCC पर चिराग पासवान ने क्या कहा?
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "भारत का सामाजिक ताना-बाना विविधतापूर्ण है। हर वर्ग की अपनी नागरिक परंपराएं और रीति-रिवाज हैं। संविधान ने स्वयं इसे स्वीकार किया है- पांचवीं-छठी अनुसूची, अनुच्छेद 371A व 371G, और अब तक की हर संहिता में अनुसूचित जनजातियों को दी गई छूट इसका प्रमाण है। मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) समानता और विविधता- दोनों के प्रति प्रतिबद्ध है। प्रारूप सार्वजनिक हो, सभी हितधारकों के हितों का अवलोकन हो, व्यापक विचार-विमर्श हो।"
अमित शाह ने क्या दिया था बयान?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार (13 सितंबर) को मुंबई में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि 21 राज्यों में बीजेपी और NDA की सरकारें हैं, जहां 2029 से पहले समान UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया, "तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है और मुझे विश्वास है कि बीजेपी-NDA शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले UCC लागू कर दिया जाएगा।"
JDU ने UCC पर क्या दी प्रतिक्रिया?
जेडीयू नेता श्याम रजक ने अपने बयान में कहा, "इस मुद्दे पर हमारे नेता (नीतीश कुमार) ने बहुत पहले ही पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा था कि हमारी पार्टी संसद में UCC विधेयक का समर्थन कर रही है, लेकिन बिहार में इसे लागू किए जाने के पक्ष में नहीं है।"
RJD ने BJP पर कसा तंज
बिहार के प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह 'नफरत की राजनीति' का संकेत है। इसके साथ ही मुस्लिम समुदाय को प्रभावित किया जाएगा। पार्टी प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, "हाल के दिनों में बीजेपी को कई राजनीतिक झटके लगे हैं, इसलिए वह एक बार फिर अपनी पुरानी नफरत की राजनीति पर लौट आई है।" उन्होंने आगे कहा, "लेकिन बीजेपी को याद रखना चाहिए कि यह बिहार है, जहां धर्मनिरपेक्षता लोगों की रगों में बहती है। मुसलमानों को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी कदम उठाया गया तो राजद चुप नहीं बैठेगा। हम बिहार में UCC लागू नहीं होने देंगे।"
Created On :   14 Sept 2026 9:15 PM IST











