BJP on Rahul Gandhi: 'छात्रों की परेशानी जानने रांची क्यों नहीं जाते?' राहुल गांधी के आरोपों पर BJP का पलटवार

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सरकार पर छात्रों को डराने-घमकाने का आरोप लगाया। इसके बाद बीजेपी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया है। पार्टी के सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी के आरोपों को नकारते हुए पूछा कि वह झारखंड के छात्रों की समस्याओं को जानने रांची क्यों नहीं जाते?
संबित पात्रा ने साफ किया कि जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन के दौरान कोई फायरिंग नहीं हुई थी। उन्होंने राहुल पर छात्रों के संवेदनशील मुद्दे को सियासी रंग देने का आरोप लगाया। पात्रा ने कहा, 'बच्चों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति मत कीजिए। उनके नाम पर समाज में विभाजन का बीज बोना पूरी तरह गलत है।' वहीं राहुल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे बच्चों को देश का युवा बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बात कहने के लिए डरने की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी को भाजपा का जवाब, मासूम बच्चों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति न चमकाए कांग्रेस
'झारखंड के युवा भी देश के ही बच्चे'
पात्रा ने राहुल के छात्रों को लेकर राहुल के दोहरे रवैये पर सवाल उठाया। उन्होंने कांग्रेस नेता से सवाल किया कि यदि उन्हें छात्रों की इतनी ही चिंता है तो वह भेदभाव क्यों करते हैं? झारखंड में भी बच्चे आंदोलन कर रहे हैं, वे भी इसी देश के युवा हैं।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि दिल्ली में बैठकर मीडिया के सामने भाषणबाजी करने से बेहतर है कि राहुल रांची जाकर वहां के प्रदर्शनकारियों की सुध लें।
यह भी पढ़े -प्रदर्शनकारी छात्रों को मीडिया के सामने लाए राहुल गांधी, सरकार पर गुंडे भेजकर धमकाने का आरोप, छात्र ने बताया पैलेट गनफायर से आई चोट
बता दें कि आज अपने सरकारी आवास 10 जनपथ पर राहुल गांधी ने जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाना कोई क्राइम नहीं है। छात्र केवल व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे। वे न हिंसा कर रहे थे, न आक्रमक थे और न ही किसी के साथ बदसलूकी कर रहे थे। इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकाया गया।'
Created On :   5 Aug 2026 9:42 PM IST













