मध्य प्रदेश भाजपा न्यूज: PM मोदी के जन्मदिन पर MP में BJP का खास प्लान, दीये जलाने के बाद अब नुक्कड़ नाटक से लेकर चित्र कला का होगा आयोजन

PM मोदी के जन्मदिन पर MP में BJP का खास प्लान, दीये जलाने के बाद अब नुक्कड़ नाटक से लेकर चित्र कला का होगा आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में भाजपा ने 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया है, जो तीन चरणों में पूरा होने वाला है। पहला चरण 17 सितंबर को दीप जलाकर पूरा हुआ।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में भाजपा ने 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया है, जो तीन चरणों में पूरा होने वाला है। पहला चरण 17 सितंबर को दीप जलाकर पूरा हुआ। इसके बाद अब दूसरा चरण 'नमो चित्र सेवा' और तीसरा 'नमो नुक्कड़ सेवा' के रूप में शुरू होगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन पूरे प्रदेश में होने वाला है, जिसमें स्कूलों के बच्चों समेत प्रदेश के आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, एक दिवसीय रक्तदान कार्यक्रम अब तीन दिन चलेगा।

650 से ज्यादा स्थानों पर जलाए गए दीये

मीडिया को संबोधित करते हुए एमपी भाजपा संगठन प्रमुख हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत इंदौर से की। इसके बाद उन्होंने शाम 6.45 बजे उज्जैन के रामघाट से 'आशीर्वाद दीया' प्रज्ज्वलन करके आयोजन की शुरुआत की। उन्होंने आगे बताया कि इस मौके पर प्रदेशभर में 3 करोड़ 55 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए।

राज्यभर में 118 प्रमुख स्थानों पर भव्य कार्यक्रम हुए। इसके अलावा 650 से ज्यादा स्थानों पर सामूहिक कार्यक्रम भी हुए। वे आगे कहते हैं कि सबसे प्रमुख शहरों में पहले नंबर पर उज्जैन रहा। यहां पर 33 लाख 50 हजार से ज्यादा दीये जलाए गए, जबकि दूसरे स्थान पर इंदौर का राजवाड़ा रहा, जहां पर 1 लाख 51 हजार दीयों से शहर रोशन हुआ।

सेवा संकल्प का दूसरा चरण

एमपी बीजेपी प्रमुख ने कहा कि सेवा संकल्प का दूसरा चरण 19 सितंबर से 'नमो चित्र सेवा' के रूप में शुरू होगा। इसका आयोजन प्रदेश के लगभग 50 हजार विद्यालयों में होगा। इस दौरान भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता होगी। इस कार्यक्रम में 12 लाख बच्चों के भाग लेने की उन्हें उम्मीद है। इसके बाद इस प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण भी होगा, जो दो चरणों में होगा। पहले चरण में जिला स्तर पर 21 सितंबर और दूसरे चरण में प्रदेश स्तर पर 5 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित होगा।

सेवा संकल्प का तीसरा चरण

हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि सेवा संकल्प का तीसरा चरण 'नमो नुक्कड़ सेवा' है, जिसका नेतृत्व बीजेपी नेता राहुल कोठारी करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन राज्य के 11 हजार स्थानों पर होगा, जहां पर नुक्कड़ नाटक का मंचन होगा। यह 19 सितंबर से शुरू होगा, जो 7 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। इसमें स्थानीय नागरिक प्रस्तुति देने वाले हैं। इस दौरान नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री के सफर तक को दर्शाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के अलावा अन्य कई छोटे-मोटे आयोजन होने वाले हैं।

रक्तदान को लेकर दी जानकारी

उन्होंने आगे बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ था, जिसे अब बढ़ाकर तीन दिन का कर दिया गया है। इस दौरान 25 हजार यूनिट का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें अब तक साढ़े 8 हजार यूनिट रक्तदान हो चुका है।

Created On :   18 Sept 2026 9:06 PM IST

Tags

Next Story