दिल्ली शराब नीति घोटाला मामला: 'मैंने पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में...' कोर्ट के फैसले पर अन्ना हजारे ने जाहिर की खुशी

मैंने पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में... कोर्ट के फैसले पर अन्ना हजारे ने जाहिर की खुशी
दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में सुनाए गए कोर्ट के फैसले पर समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कोर्ट के निर्णय पर खुशी जाहिर की है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में सुनाए गए कोर्ट के फैसले पर समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कोर्ट के निर्णय पर खुशी जाहिर की है। इस मामले में सीबीआई ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 लोगों को आरोपी बनाया था। अदालत को पर्याप्त सबूत नहीं मिलने को लेकर केजरीवाल समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। जिनकी जीत की खुशी हजारे ने जाहिर की है, क्योंकि दिल्ली में आंदोलन के दौरान केजरीवाल उनके साथ ही थे।

न्यायपालिका पर क्या बोले?

अन्ना हजारे ने न्यायपालिका को लेकर कहा, "हमारा देश अपनी न्यायिक और सुरक्षा प्रणालियों की ताकत पर चलता है। विविध दलों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा राष्ट्र होने के बावजूद, न्यायपालिका के कारण ही यह सुचारू रूप से कार्य करता है। इसके बिना अराजकता और अशांति फैल जाएगी। अब जब अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, तो इसे स्वीकार किया जाना चाहिए।"

केजरीवाल पर की टिप्पणी

हजारे ने केजरीवाल का जिक्र करते हुए कहा, "मैंने पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में जो कुछ भी कहा था, वह न्याय व्यवस्था का निर्णय नहीं था। हम सब हवा में बोल रहे थे। अगर वह न्यायालय का निर्णय होता तो हम ऐसा नहीं बोलते। अब कोर्ट ने फैसला सुना दिया है कि अरविंद केजरीवाल का कोई दोष नहीं था, तो हमें मानना पड़ेगा।"

केजरीवाल के दावे पर क्या बोले?

अरविंद केजरीवाल ने अपने बयान में दावा करते हुए कहा था कि बीजेपी ने उनके खिलाफ साजिश रचते हुए झूठे आरोपों में केस दर्ज कराए थे। उनके इस बयान पर अन्ना हजारे ने बताया, "यह उनका प्रश्न है। सत्ता पक्ष और मेरा कोई लेन-देन नहीं। मैं कभी सत्तापक्ष के नजदीक नहीं गया। उनको जो कहना है कह लें।"

अरविंद केजरीवाल को दी सलाह

मीडिया ने हजारे से सवाला किया कि अरविंद केजरीवाल को आप क्या सलाह देंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हमारे पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। हम यही सलाह देंगे कि समाज और देश की भलाई के लिए जो कुछ कर सकते हैं, करते रहें। खुद के बारे में, पार्टी के बारे में मत सोचो। केवल देश को आगे बढ़ाना है।"

उन्होंने यह भी कहा, "हमारे देश को आजाद बनाने के लिए बहुत बड़ी कुर्बानियां हुई हैं। लाखों लोगों ने कुर्बानी की है। इसको याद रखना है। भूलना नहीं है।"

Created On :   27 Feb 2026 7:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story