Jharkhand Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव से पहले नो रिस्क मोड में NDA! होटल में शिप्ट होंगे सभी विधायक, क्या सता रहा टूट का डर?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इस बीच बीजेपी को विधायकों के टूटने का डर सता रहा है। दरअसल, राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए अपने सभी विधायकों को होटल में शिफ्ट करने की योजना बना रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनडीए के सभी 24 विधायकों को राजधानी रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में रुकाया जाएगा। मतदान के दिन यहां से सभी विधायकों को बसों के जरिए विधानसभा ले जाया जाएगा।
यह भी पढ़े -झारखंडः हजारीबाग में कोल माइनिंग कंपनी के परियोजना कार्यालय में हमला कर मचाई तोड़फोड़, इलाके में तनाव
निर्दलीय उम्मीदवार पर भी 'पहरा'
हालांकि, बीजेपी नेताओं का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। वहीं, निर्दलीय राज्यसभा उम्मीदवार परिमल नाथवानी को रेडिसन ब्लू होटल में ठहराने की खबर है।
वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास में आज (मंगलवार) शाम इंडिया गठबंधन के सभी विधायक शिफ्ट होंगे। सूत्रों की मानें तो, बैठक में राज्यसभा चुनाव के दौरान मतदान की प्रक्रिया और रणनीति को लेकर विधायकों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि, झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए दो सीटों पर तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने एक-एक प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि, एनडीए ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को समर्थन दिया है।
कांग्रेस ने प्रणव झा, जेएमएम ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, नाथवानी का राज्यसभा पहुंचना मुश्किल माना जा रहा है। दरअसल, झारखंड विधानसभा में संख्याबल के लिहाज से महागठबंधन के पास जीत के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद नहीं है। वहीं, एनडीए नाथवानी के पक्ष में जीत के लिए चार विधायकों के समर्थन की कमी का दावा किया जा रहा है।
झारखंड विधानसभा की मौजूदा स्थिति
बता दें, झारखंड विधानसभा में सत्ताधारी पक्ष इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। 81 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन के 56 MLA हैं, जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 4 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के 2 MLA शामिल हैं। दूसरी ओर, एनडीए के पास 24 MLA हैं, जिनमें बीजेपी के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक MLA शामिल हैं। इसके अलावा लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKM) का भी एक MLA है।
ऐसे में राज्यसभा चुनाव के गणित पर नजर डालें तो निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को जीत के लिए कम से कम 28 वोटों की जरूरत होगी। एनडीए के पास फिलहाल 24 MLA हैं।
Created On :   16 Jun 2026 3:11 PM IST












