Keralam Politics: कांग्रेस की जीत के बाद सीएम पर फंसा पेंच, रेस में ये नाम आगे, एक के समर्थकों ने किया प्रदर्शन

कांग्रेस की जीत के बाद सीएम पर फंसा पेंच, रेस में ये नाम आगे, एक के समर्थकों ने किया प्रदर्शन
केरलम में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला अटका है। सीएम पद की रेस में कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय आलाकमान का ही होगा।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम विधानसभा चुनाव में 63 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस सरकार बनाने की तैयारी में है, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर अब भी मुहर नहीं लगी है। गुरुवार को तिरुअनंतपुरम में विधायक दल की बैठक हुई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधायकों से अलग-अलग बात कर उनकी राय ली। कई नेताओं के नाम सामने आए लेकिन अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया गया है। अब पूरी रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी। इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी चर्चा करके सीएम के नाम पर फैसला कर सकते हैं। माना जा रहा है कि शनिवार या रविवार तक नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है।

विधायकों से राय लेने का दौर जारी

जानकारी के मुताबिक, विधायक दल की बैठक के अलावा कांग्रेस नेताओं ने कई विधायकों से निजी मुलाकात भी की। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक और अजय माकन ने नेताओं से बातचीत कर उनकी पसंद जानी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने प्रस्ताव रखा कि मुख्यमंत्री का नाम हाईकमान तय करेगा। इस प्रस्ताव का समर्थन वीडी सतीशन ने किया। इसके बाद सभी नेताओं ने फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया है।

सीएम की रेस में कई बड़े नाम

कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। वीडी सतीशन को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के नाम भी सामने हैं। प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ भी इस दौड़ में बताए जा रहे हैं।

सतीशन के समर्थन में प्रदर्शन

केरल के कुछ इलाकों में वीडी सतीशन के समर्थन में प्रदर्शन भी देखने को मिले हैं। उनके समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस नेतृत्व सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की राय भी ले सकता है। पार्टी चाहती है कि फैसला ऐसा हो जिससे सरकार और गठबंधन दोनों मजबूत बने रहें।

Created On :   8 May 2026 9:41 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story