Mamata Banerjee Refuses To Resign: ममता बनर्जी ने सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए किया मना तो शिवसेना यूबीटी ने दी प्रतिक्रिया, कहा- 'कभी-कभी समझौते करने...'

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुानव में हार के बाद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को अपने विधायकों के साथ बैठक की है। इस बैठक में उन्होंने साफ तौर पर कह दिया है कि वे इस्तीफा बिल्कुल भी नहीं देंगी। उन्होंने ये भी कहा है कि अगर किसी भी पार्टी को हटाना है तो वो खुद हटाकर दिखाए, लेकिन वे अपनी तरफ से बिल्कुल भी पद नहीं छोड़ेंगी। इस पर शिवसेना यूबीटी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि कभी-कभी बिना मन के भी काम करना होता है।
भावनाओं में आकर दिया बयान
इस पूरे मामले को लेकर शिवसेनना यूबीटी के प्रवक्ता आनंद दुबे का कहना है कि लोकतंत्र में सब कुछ संविधान के अनुसार चलता है। हर पांच साल में जनता फैसला करती है कि किसे सत्ता में रखना है और किसे नहीं। अगर जनता आपको जिताती है तो आप सरकार बनाते हैं, लेकिन हारने पर पद छोड़ना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी ने यह बात शायद भावनाओं में आकर कही है। लंबे समय से जीतती आ रही नेता के लिए अचानक हार को स्वीकार करना आसान नहीं होता। लेकिन राजनीति में कभी-कभी दिल पर पत्थर रखकर फैसले लेने पड़ते हैं।
क्या बोले आनंद दुबे?
आनंद दुबे ने आगे ये भी कहा है कि तृणमूल कांग्रेस का राज्य में अब भी असर है और वह फिर से मजबूत होकर वापसी कर सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने अंत में कहा कि ममता बनर्जी को पद छोड़ देना चाहिए और नई सरकार के साथ मिलकर राज्य के विकास के बारे में सोचना चाहिए। अब भारतीय जनता पार्टी जीत चुकी है, इसलिए उसे काम करने का मौका मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनावों में अगर ममता बनर्जी मेहनत जारी रखती हैं तो फिर से वापसी कर सकती हैं।
Created On :   6 May 2026 7:50 PM IST












