मध्य प्रदेश: अचानक अडानी एग्रो साइलो गेहूं खरीदी केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री, रिलीज करवाया क्षमता बढ़ाने का ऑर्डर

अचानक अडानी एग्रो साइलो गेहूं खरीदी केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री, रिलीज करवाया क्षमता बढ़ाने का ऑर्डर
अधिकारियों को सुविधा संबंधी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने का भी फैसला किया और ऑर्डर जारी करवाया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को अचानक उज्जैन के पास सेवा सहकारी संस्था दताना नागझिरी स्थित अडानी एग्रो साइलो उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने यहां केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुविधा संबंधी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने का भी फैसला किया और ऑर्डर जारी करवाया। वेयरहाउस की क्षमता बढ़ने से गेहूं को बेमौसम बारिश से बचाया जा सकेगा। इससे पहले सीएम डॉ यादव शाजापुर और खरगोन में भी गेहूं उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक दौरा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं यहां पर आया हूं, हमने पूर्व में घोषित किया है कि गेहूं खरीदी को लेकर पूरे प्रदेश में स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ाई है। मुझे बताया गया है कि हर जगह हमारी खरीदी सहज और सामान्य चल रही है, लेकिन आकस्मिक दौरे लगाकर हमने किसानों के साथ अपनी भावना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि अब नियमित अंतराल से सात दिन के अंदर भुगतान भी हो रहा है। इस बीच लोगों का माल ढुलाई का काम भी चल रहा है। ऐसी परिस्थिति में तौल कांटे भी बढ़वाए गए हैं। सरकार ने सुविधाएं भी बढ़ाई हैं।

किसानों को मिलें सभी सुविधाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुझे बताया गया था कि वेयरहाउस के अंदर अगर क्षमता बढ़ा दें, तो बारिश के मौसम में काफी लाभ होगा। वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने के ऑर्डर भी निकाल दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कल तक 41 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया है। हम अपनी कैपेसिटी और बढ़ा सकते हैं। हम गेहूं उपार्जन की रोज मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गेहूं के साथ चना और मसूर की खरीदी भी चल रही है।

Created On :   6 May 2026 10:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story