Mahatma Gandhi Death Anniversary: महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी-शाह ने दी श्रद्धांजलि, राहुल गांधी ने भी किया पोस्ट

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी-शाह ने दी श्रद्धांजलि, राहुल गांधी ने भी किया पोस्ट
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर पीएम, केंद्रीय गृह मंत्री और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने श्रद्धांजलि दी है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। स्वतंत्रता सेनानी महात्मा गांधी की आज (30 जनवरी) 78वीं पुण्यतिथि पर है। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी दिग्गजों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें याद किया है। तो चलिए देखते हैं किसने क्या लिखा?

पीएम मोदी ने किया महात्मा गांधी को याद

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

एक अन्यो पोस्ट में पीएम ने लिखा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है। अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥

शाह ने क्या कहा?

अमित शाह ने कहा कि महात्मा गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। पूज्य बापू ने भाषा, क्षेत्र, जाति में बंटे देश को एक कर आजादी के आंदोलन को व्यापकता दी। स्वदेशी, स्वाधीनता व स्वच्छता को एक सूत्र में बांधकर गौरवशाली भारत की कल्पना करने वाले महात्मा गांधी जी के विचार हमें प्रेरित करते रहेंगे।

राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पोस्ट में कहा कि महात्मा गांधी एक व्यक्ति नहीं, एक सोच हैं - वह सोच जिसे कभी एक साम्राज्य ने, कभी एक नफ़रत की विचारधारा ने और कभी अहंकारी सत्ता ने मिटाने की असफल कोशिश की। मगर राष्ट्रपिता ने हमें आजादी के साथ यह मूलमंत्र दिया कि सत्ता की ताकत से बड़ी सत्य की शक्ति होती है - और हिंसा व भय से बड़े अहिंसा और साहस। यह सोच मिट नहीं सकती, क्योंकि गांधी भारत की आत्मा में अमर हैं। बापू को उनके शहीदी दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।

Created On :   30 Jan 2026 10:32 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story