UP News: मंत्री ओपी राजभर ने सपा बिखरने की बात फिर दोहराई, शिवपाल यादव ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तरप्रदेश में लोकसभा सांसदों की संख्या के आधार पर दूसरी बड़ी पार्टी समाजवादी में भी टूट की अटकलें लगाई जा रही है। राज्य की योगी सरकार में शामिल मंत्री ओपी राजभर के बयान से इस मुद्दे को और हवा मिली है। बीते दिन आए बयान के बाद आज फिर से राजभर ने सपा को लेकर बात दोहराई।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा रामगोपाल यादव ने जो एक पत्र गृह मंत्री अमित शाह को दिया है, उसमें विस्तृत जिक्र है, गोमती रिवर फ्रंट के मामले में रामगोपाल यादव के बेटे, शिवपाल यादव, उनके बेटे और उनके परिवार के तमाम लोग उसमें शामिल हैं और इसको लेकर समादवादी पार्टी ने अपनी जान बचाने के लिए वो सूची जारी की है।
यह भी पढ़े -सपा छोड़ने की अटकलों पर सांसद सनातन पांडे का दो-टूक जवाब, बोले- 'किसी में खरीदने की हैसियत नहीं'
राजभर के बयान पर पलटवार करते हुए सपा नेता शिवपाल यादव का कहना है भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। बीच-बीच में षड्यंत्र भी करते रहते हैं। समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटेगा नहीं। ये लोग अपनी TRP बढ़ाने के लिए और चुनाव के समय सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए ये बोलते हैं। मुझे तो लगता है इन्हें ट्वीट करने का भी पैसा मिलता है इसलिए इस तरह की बातें करते हैं, झूठ बोलते हैं। अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी, ओम प्रकाश राजभर को पूरे उत्तर प्रदेश में कोई सीरियस नहीं लेता है।
राजभर बीते दिन बुधवार को दावा किया था कि यूपी में भी जल्द पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिलेगी, उन्होंने सपा में जल्द ही अंदरूनी फूट होगी और कई सांसद सत्ताधारी बीजेपी में शामिल हो जाएंगे।
Created On :   18 Jun 2026 1:32 PM IST







