मॉनसून सत्र: सदन में गृहमंत्री के बयान को लेकर विपक्ष का तंज, 17वें दिन पत्र लिखकर क्या साबित करना चाहते हैं?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज मॉनसून सत्र का आखिरी दिन है, विपक्ष सदन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान को लेकर अड़ा हुआ है। हालांकि बीते दिन अमित शाह ने चर्चा करने की बात को स्वीकार करते हुए विपक्ष के बयानों पर प्रतिक्रिया दी थी। अब देखते है आज सदन कार्यवाही में क्या होता हैं? लेकिन इसे लेकर सपा और कांग्रेस नेताओं ने अलग अलग तरीके से बयान देकर शाह पर निशाना साधा है।
समाजवादी पार्टी नेता हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा हम राम मंदिर में हुई चोरी पर प्रदर्शन करेंगे।उन्होंने इस चोरी को भावनाओं की चोरी, आस्थाओं की चोरी बताया। सपा नेता ने ये भी कहा एक ऐसी जगह चोरी है जिसके नाम पर सरकार बनी, तो इस पर हम बात करेंगे।
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा,लगता है जवाब भी वे घर से ही देना चाहते हैं। गृह मंत्री किनके आंखों में धूल झोंक रहे हैं? वे जनता को बेवकूफ बना रहे हैं उनकी गलत फहमी है, 19 दिन का सत्र था, आप 17वें दिन पत्र लिख रहे हैं, क्या साबित करना चाहते हैं?
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आने को लेकर कहा पता नहीं क्या समस्या है जो कि वो अभी तक आए नहीं। अब तो आखिरी दिन है और बार-बार सदन स्थगित हो रहा है। सपा नेता ने ये भी कहा सरकार सदन चला नहीं रही है उनको आने में क्या दिक्कत थी।
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा गृह मंत्री बयान देने के लिए तैयार हैं, लेकिन यह रुख अपनाया गया कि सवाल पहले स्पीकर को लिखित रूप में सौंपे जाएं, ताकि उनका जवाब दिया जा सके। सपा सांसद ने आगे कहा ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। ऐसी कोई परंपरा भी नहीं है। स्थापित परंपरा हमेशा यही रही है कि मंत्री बयान देते हैं और सभी पार्टियों के सांसद जो कुछ भी पूछना चाहते हैं, उस पर स्पष्टीकरण मांगते हैं, विपक्ष इसे स्वीकार नहीं कर सकता।
Created On :   13 Aug 2026 10:27 AM IST






