Pellet Gun Attack Case: 'यह न्याय की दिशा में पहला कदम', पैलेट गन मामले में FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया

यह न्याय की दिशा में पहला कदम, पैलेट गन मामले में FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्र साहिल लोचब के पैलेट गन से घायल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी छात्र साहिल लोचब के पैलेट गन से घायल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनके धरने के 8 घंटे बाद यह एक्शन लिया गया है, यह न्याय की दिशा में पहला कदम है।

इससे पहले संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय के बाहर पीड़ित छात्र और कांग्रेस नेताओं के साथ धरने पर बैठे राहुल गांधी ने कहा कि घटना को हुए एक महीना बीत चुका है, छात्र के शरीर पर पैलेट गन के छर्रे फंसे हु ए हैं। उसकी आंख में तीन छर्रे धंसे हुए हैं, जिससे उसकी रोशनी चली गई है।

सोचिए गांव के पुलिस स्टेशन में क्या होता होगा?

राहुल ने कहा, "इस देश में कितनी महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है, कितने बच्चों की हत्या होती है, कितने लोगों को गोली मारी जाती है और कितने लोगों के शरीर में छर्रे धंसे रहते हैं? यह पुलिस स्टेशन दिल्ली के बीचों-बीच स्थित है, फिर भी यहां न्याय नहीं मिल रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "जरा सोचिए देश के किसी गांव या छोटे शहर के पुलिस स्टेशन में क्या होता होगा? हमने यहां कुछ भी गलत नहीं किया। केवल एक भारतीय नागरिक और उसके परिवार के लिए न्याय की मांग की, लेकिन इसमें आठ घंटे लग गए। अंतिम मंजूरी गृह सचिव और स्वयं अमित शाह की ओर से आनी थी। उसके बाद ही एफआईआर दर्ज हुई। इससे समझा जा सकता है कि एफआईआर को कौन रोक रहा था। पुलिस अधिकारी इसे दर्ज करना चाहते थे, लेकिन न्याय पर ऊपर से रोक लगाई जा रही थी।"

बता दें कि शुक्रवार को राहुल गांधी छात्र साहिब लोचन, उनके परिवार और कांग्रेस नेताओं के साथ एफआईआर कराने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे थे। अपनी शिकायतों पर तुरंत कोई एक्शन न हो पाने की वजह से राहुल ज्वाइंट सीपी ऑफिस से बाहर निकलकर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक मामला दर्ज नहीं होता वह नहीं उठेंगे।

Created On :   21 Aug 2026 8:45 PM IST

Tags

Next Story